35 करोड़ की लागत से आधुनिक बना जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन, प्रधानमंत्री ने किया उद्घाटन

जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन उद्घाटन पर राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह
जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन उद्घाटन पर राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह
Published on

जलपाईगुड़ी: अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत करीब 35 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकृत जलपाईगुड़ी रोड रेलवे स्टेशन का शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से उद्घाटन किया। देश के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों के साथ इस स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा एवं पूर्वोत्तर विकास राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार, राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह, जलपाईगुड़ी के सांसद डॉ. जयंत राय, अलीपुरदुआर डिवीजन के डीआरएम सहित रेलवे के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अमृत भारत स्टेशन परियोजना के तहत जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस किया गया है। इसमें नया स्टेशन भवन, आधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर टिकट काउंटर, लिफ्ट सहित 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, दिव्यांग यात्रियों के लिए सुविधाएं, आधुनिक सूचना प्रणाली, पार्किंग व्यवस्था, सौंदर्यीकरण और बेहतर प्रकाश व्यवस्था शामिल हैं।

रेलवे अधिकारियों को अमृत भारत स्टेशन परियोजनाओं का काम समय पर पूरा करने का निर्देश

सुकांत मजूमदार ने कहा कि जलपाईगुड़ी रोड स्टेशन सहित देश के 75 स्टेशनों का पुनर्विकास प्रधानमंत्री की दूरदर्शी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पश्चिम बंगाल के 100 से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर बंगाल के पर्यटन विकास के लिए रेलवे ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। जलपाईगुड़ी के सांसद डॉ. जयंत राय ने कहा कि स्टेशन के विकास में स्थानीय संस्कृति को भी महत्व दिया गया है। उन्होंने कहा कि जलपाईगुड़ी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों के विकास पर भी विशेष ध्यान देने की जरूरत है। राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने कहा कि पुराने समय की तुलना में वर्तमान रेलवे स्टेशन में काफी बदलाव आया है। उन्होंने लोगों से रेलवे संपत्तियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की।

सुकांत मजूमदार ने दावा किया कि जलपाईगुड़ी जिला उत्तर बंगाल में सबसे अधिक अमृत भारत स्टेशन पाने वाला जिला है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में रेलवे क्षेत्र में बड़ा बदलाव आया है और सीमावर्ती क्षेत्रों तक रेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उत्तर बंगाल को जोड़ने वाली कई नई ट्रेनों की शुरुआत हुई है और चिकन नेक क्षेत्र में रेल संपर्क को और बेहतर बनाने के लिए रेलवे नई योजनाओं पर काम कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों को अमृत भारत स्टेशन परियोजनाओं का काम निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया।

कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी: अर्जुन सिंह : बॉक्स

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जलपाईगुड़ी रोड रेलवे स्टेशन के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राज्य के परिवहन मंत्री अर्जुन सिंह ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान सिद्दीकुल्ला चौधरी के बयान पर कहा कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वहीं, बहारमपुर में लेवल क्रॉसिंग हादसे में स्कूली छात्राओं समेत पांच लोगों की मौत पर दुख जताते हुए उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और संबंधित लेवल गेटमैन को गिरफ्तार किया गया है। राज्य की परिवहन व्यवस्था, बसों की फिटनेस और महिला सुरक्षा को लेकर मंत्री ने कहा कि सुधार की प्रक्रिया जारी है और इसके लिए कुछ समय लगेगा। उन्होंने बताया कि बस सेवाओं को बेहतर बनाने, वाहनों की फिटनेस जांच और नई योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in