

माल बाजार : परिमल मित्र स्मृति महाविद्यालय (माल बाजार) के हिंदी विभाग एवं एनएसएस यूनिट-1 के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार 14 सितंबर को हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसमें स्वागत वक्तव्य रखते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य कार्तिक चंद्र दे ने कहा कि, हिंदी हमारी भावना, विचार और संवेदना का माध्यम है। यह केवल गांव या शहर की भाषा नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र को जोड़ने वाली भाषा है।
इस अवसर पर हिंदी विभाग की अध्यक्ष डॉ. सुलोचना कुमारी दास ने भविष्य में हिंदी भाषा को ज्ञान और विज्ञान के नए आयामों से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। कहा कि, हिंदी केवल साहित्य और संवाद की भाषा तक सीमित न रह कर ज्ञान, विज्ञान, तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल माध्यमों की भाषा भी बनेगी। हिंदी जाति, धर्म और भेदभाव से ऊपर उठकर लोगों को जोड़ने वाली भाषा है।
वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित राजनीति विभाग के शिक्षक निताई महंत ने कहा कि, हिंदी जन-जन की भाषा है। यह पूरे राष्ट्र को जोड़ने में सेतु का कार्य करती है। हिंदी विभाग के शिक्षक जितेंद्र प्रसाद ने तकनीकी युग में हिंदी की बिगड़ती दशा को रेखांकित करते हुए एक स्वरचित कविता का पाठ किया। इस अवसर पर कुछ विद्यार्थियों ने भी अपने-अपने वक्तव्य प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के अंतिम सत्र में डिजिटल माध्यम से प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विजयी प्रतिभागियों करन उरांव और अरमान मुंडा को पुरस्कृत किया गया। पूरे कार्यक्रम का सफल संचालन सातवें सेमेस्टर की छात्रा आराधना रजक ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन हिंदी विभाग की शिक्षिका बबली कुमारी साह ने किया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय उपस्थिति रही।