

मालदा : मालदा के रतुआ में एक बार फिर अवैध आग्नेयास्त्र बरामद होने से इलाके में हलचल मच गई। गुप्त सूचना के आधार पर शनिवार रात अभियान चलाकर रतुआ थाना अंतर्गत सामसी फांड़ी की पुलिस ने हथियार और कारतूस के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खालेदुर रहमान उर्फ पिंटू के रूप में हुई है। वह रतुआ थाना क्षेत्र के चांदमनी-2 ग्राम पंचायत के बालूपुर गांव का निवासी बताया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात बालूपुर इलाके में हथियार होने की सूचना मिलने के बाद सामसी फांड़ी की पुलिस ने अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पिंटू के पास से दो वन शटर पाइपगन और चार राउंड कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद आग्नेयास्त्र और कारतूस जब्त कर लिए हैं।
पुलिस का दावा है कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। ऐसे में उसके पास से हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाए गए थे, उन्हें किस उद्देश्य से रखा गया था और क्या इस मामले में आरोपी के अलावा अन्य लोग भी शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बरामद हथियारों के स्रोत और संभावित नेटवर्क को लेकर भी जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। रविवार को गिरफ्तार आरोपी को चांचल महकमा अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने जांच के हित में आरोपी को 14 दिनों की पुलिस हिरासत में लेने की मांग की है। अदालत के आदेश के बाद आगे की प्रक्रिया तय होगी।