हिंदी दिवस समारोह आयोजित

हिंदी दिवस समारोह आयोजित
Published on

सिलीगुड़ी : जागृति स्पोर्टिंग क्लब (बागडोगरा) की ओर से सोमवार को शुभमाया सूर्यनारायण हाई स्कूल में हिंदी दिवस समारोह-2026 का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में नॉर्थ बंगाल यूनिवर्सिटी के हिंदी विभाग के प्राध्यापक मनोज विश्वकर्मा, सिलीगुड़ी महाविद्यालय के हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. अजय साह तथा अग्रसेन महाविद्यालय के हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर माजिद मियां सम्मिलित हुए।

वहीं, अपर बागडोगरा ग्राम पंचायत के प्रधान संजीत महतो एवं उप-प्रधान कुलप्रसाद शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति कार्यक्रम में उपस्थित रहे। विद्यालय के शिक्षक प्रभारी संजीव कुमार सूत्रधर, सिलीगुड़ी हिंदी हाई स्कूल फॉर गर्ल्स की प्रधानाध्यापिका सीता राउत, शुभमाया सूर्यनारायण हाई स्कूल के शिक्षक ओमकार सिंह तथा डॉ. सुप्रकाश राय व संतोष कुमार तिवारी भी समारोह में सम्मिलित रहे।

वक्ताओं ने हिंदी भाषा के महत्व, हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा तथा वर्तमान समय में हिंदी की उपयोगिता पर अपने विचार विद्यार्थियों के समक्ष रखे। विद्यार्थियों से हिंदी भाषा के प्रति प्रेम एवं सम्मान बनाए रखने तथा इसके प्रचार-प्रसार में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस समारोह में सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र के 14 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति विद्यार्थियों में रुचि और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भाषण, कविता पाठ, मुहावरा, ‘एक मिनट शुद्ध हिंदी वाचन’ प्रतियोगिता तथा हिंदी साहित्य एवं इतिहास प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई।

प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।समारोह का संचालन रेनू सिंह एवं बबीता विश्वास ने किया। इस अवसर पर ''उड़ान'' : द डिजिटल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों की खूब वाहवाही बटोरी।

प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में शिक्षक सुनम प्रसाद, दिनेश साह, मनीष पांडेय, गणेश सिंह, रेखा साह, ओमकार सिंह, रजनी भगत तथा कुसुम भदौरिया, शामिल रहीं। समारोह में समाजसेवी अरुणांशु शर्मा सहित बागडोगरा की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। समारोह को सफल बनाने में जागृति स्पोर्टिंग क्लब के सचिव अंबुज कुमार राय, मुकेश सिंह, श्रीकांत गोस्वामी, शिव कुमार साह एवं मनोज ओझा सहित क्लब के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in