

मालदह : मालदह में हवाई सफर का सपना भले ही अभी पूरी तरह साकार नहीं हुआ हो, लेकिन इस सपने की प्रतीकात्मक झलक इस बार विश्वकर्मा पूजा के मौके पर मालदह बस डिपो में देखने को मिलेगी। फेंके गए सामान और पुराने वाहन के पुर्जों का इस्तेमाल कर डिपो में एक आकर्षक हेलीकॉप्टर का मॉडल तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही बस, महिला यात्री और परिवहन विभाग की विभिन्न सेवाओं के मॉडल के जरिए सरकारी परिवहन व्यवस्था की तस्वीर भी प्रस्तुत की जाएगी। आगामी 18 अगस्त को विश्वकर्मा पूजा के मद्देनजर शहर के के.जे. सान्याल रोड स्थित मालदह बस डिपो में तैयारियां शुरू हो गई हैं।
डिपो के मैकेनिक दिनेश चंद्र बसाक दो अन्य कर्मचारियों के साथ दिन-रात मेहनत कर इस अनोखे मॉडल को तैयार कर रहे हैं। इसमें परित्यक्त सामान से बनाया जा रहा हेलीकॉप्टर मुख्य आकर्षण होगा। डिपो सूत्रों के अनुसार, मॉडल के माध्यम से राज्य सरकार की परिवहन सेवाओं के साथ-साथ मालदा में हवाई सेवा शुरू करने के सपने को भी दर्शाने की योजना है। लंबे समय से मालदह में हवाई अड्डे और हवाई संपर्क व्यवस्था के विस्तार की मांग उठती रही है। इसी उम्मीद को ध्यान में रखते हुए मॉडल में हेलीकॉप्टर को शामिल किया गया है। परिवहन विभाग के कर्मचारियों को उम्मीद है कि केंद्र और राज्य सरकार की पहल से मालदह में हवाई सेवा का और विस्तार होगा। ऐसे में विश्वकर्मा पूजा के मंडप में तैयार किया जा रहा यह मॉडल केवल पूजा का आकर्षण नहीं, बल्कि मालदह वासियों के हवाई संपर्क के सपने का प्रतीक भी बनने जा रहा है।