

इस्लामपुर : इस्लामपुर के एक प्रमुख शॉपिंग मॉल के दूसरे तल पर मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के दौरान कांच लगने से कई दमकलकर्मी घायल हो गए। मॉल के अंदर रखे बड़ी मात्रा में कपड़े जलकर राख हो गए। इससे काफी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार सुबह मॉल की दूसरी मंजिल से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। कुछ ही देर में वहां आग की लपटें उठने लगीं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। मॉल के अंदर धुआं और आग अधिक होने के कारण दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंदर जाने में परेशानी होने पर उन्होंने बाहर से कांच तोड़कर प्रवेश करने का प्रयास किया।
इसी दौरान टूटे कांच की चपेट में आने से कई दमकलकर्मी घायल हो गए। सभी का प्राथमिक उपचार कराया गया। मॉल की जमीन के मालिक देवाशीष साहा का आरोप है कि मॉल के सामने स्थित बिजली ट्रांसफॉर्मर में विस्फोट हुआ, जिसके बाद आग मॉल तक पहुंची। इस्लामपुर के फायर ऑफिसर शंभूनाथ गोप ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। पूजा से पहले शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि, दमकल की दो गाड़ियों के समय पर पहुंचने से आग को और फैलने से रोक लिया गया।