सिक्किम में पहली बार उद्यमी भरोसा सम्मेलन आयोजित

सिक्किम में पहली बार उद्यमी भरोसा सम्मेलन आयोजित
Published on: 

गंगटोक : सिक्किम में पहली बार उद्यमी भरोसा सम्मेलन 2026 का आयोजन सोमवार को मनन केंद्र में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग द्वारा किया गया। मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग ने कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लिया।

सम्मेलन का उद्देश्य स्थानीय उद्यमियों को सम्मानित करने के साथ राज्य में नवाचार, उद्यमिता और स्वरोजगार को बढ़ावा देना तथा युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करना था। कार्यक्रम में पैनल चर्चा, स्टार्टअप प्रदर्शन, अनुभव साझा करने के सत्र और विशेषज्ञों के संबोधन आयोजित किए गए।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में उद्यमियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि उद्यमिता के लिए आत्मविश्वास, दृढ़ता और चुनौतियों के बीच समाधान तलाशने की क्षमता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं और उद्यमियों को जोड़ते हुए उद्यमिता को रोजगार और आजीविका के एक व्यवहार्य विकल्प के रूप में बढ़ावा दे रही है।

मुख्यमंत्री ने ‘एक परिवार, एक उद्यमी’ की परिकल्पना पर जोर देते हुए कहा कि छोटे घरेलू व्यवसाय, स्थानीय उद्यम और स्वरोजगार भी बड़े उद्योगों की तरह महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने उद्यमियों से सरकारी योजनाओं और उनकी पात्रता की सही जानकारी प्राप्त कर उपलब्ध सहायता का प्रभावी उपयोग करने का आह्वान किया।

उन्होंने युवाओं से स्थानीय जरूरतों के अनुरूप सिक्किम में ही उत्पाद और सेवाएं विकसित करने तथा ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेकिंग सिक्किम’ पहल को आगे बढ़ाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक अच्छे विचार, गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और संतुष्ट ग्राहक से छोटे व्यवसाय की शुरुआत की जा सकती है।

वाणिज्य एवं उद्योग तथा पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री छिरिंग टी. भूटिया ने कहा कि कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य उद्यमिता, व्यापार और वाणिज्य के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। उन्होंने ‘एक परिवार, एक उद्यमी’ पहल को परिवारों को छोटे व्यवसाय स्थापित करने और उन्हें टिकाऊ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

विभाग की सचिव कर्मा डी. यूत्सो ने कहा कि सरकार उद्यमियों के लिए संस्थागत सहयोग, मार्गदर्शन, क्षमता निर्माण, बाजार संपर्क और अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराने पर काम कर रही है।

वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के ओएसडी तथा सीड सेल के महासचिव दिपेन सुब्बा ने राज्य में बढ़ती उद्यमिता पर प्रकाश डालते हुए सीड सेल के मार्गदर्शन, मेंटरशिप और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने सिक्किम राइज तथा रचनात्मक और डिजिटल क्षेत्रों में बढ़ती संभावनाओं का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तिमी चाय और सरकारी फल संरक्षण कारखाने की सूची का शुभारंभ किया तथा ‘100 सफल उद्यमी’ पुस्तक का विमोचन किया। इसके अलावा सफल उद्यमियों दावा ल्हामू शेरपा और रोहन प्रधान ने अपने उद्यमिता अनुभव साझा किए।

सिक्किम राइज 2026 के विजेताओं ने तीन श्रेणियों में अपने उद्यमों की प्रस्तुति दी। इनमें आइडिएशन श्रेणी में पसल, प्रोटोटाइप श्रेणी में हस्यम फार्म्स और राजस्व श्रेणी में हिमालय क्रिएटर, एपी फार्म शामिल रहे।

कार्यक्रम में आईआईएम कलकत्ता इनोवेशन पार्क तथा वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अलावा अमेजन और फ्लिपकार्ट सर्विसेज के साथ भी साझेदारी की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय हथकरघा पुरस्कार प्राप्तकर्ता, पांच उत्कृष्ट उद्यमियों, एक युवा एवं उभरते उद्यमी तथा सिक्किम राइज के निर्णायक मंडल के सदस्यों को सम्मानित किया। सिक्किम राइज 2026 के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए तथा मुख्यमंत्री उद्यमशीलता योजना के तहत 80 लाभार्थियों को चेक वितरित किए गए।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के मंत्री, सलाहकार, अध्यक्ष, गंगटोक नगर निगम के मेयर, विभागाध्यक्ष, अधिकारी, उद्यमी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। धन्यवाद ज्ञापन एमएसएमई निदेशक एम. रवि कुमार ने दिया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in