

सिलीगुड़ी : सड़क के बीच बिजली का खंभा लगाकर कारखाना चलाने के आरोप को लेकर डाबग्राम-फुलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र के फुलबाड़ी-2 नंबर ग्राम पंचायत के पश्चिम धनतला इलाके में लोगों में नाराजगी है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क के बीच खड़ा यह बिजली का खंभा लंबे समय से हादसे का खतरा बना हुआ है। कई बार लोग इसके कारण दुर्घटना की स्थिति में पहुंच चुके हैं, लेकिन कारखाना प्रबंधन कथित तौर पर समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है।स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क के बीच खंभा देखकर ग्राम पंचायत प्रधान रफीकुल इस्लाम मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कारखाना प्रबंधन को खंभे को सड़क के बीच से हटाकर सुरक्षित स्थान पर लगाने का निर्देश दिया था। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रधान के निर्देश के बावजूद महीनों बीत गये, लेकिन खंभे को अब तक नहीं हटाया गया।
लोगों का कहना है कि सड़क के बीच बिजली का खंभा होने के कारण रोजाना आवाजाही में परेशानी होती है। खासकर वाहनों के आवागमन के दौरान दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी रोष है कि कारखाना प्रबंधन स्थानीय लोगों के साथ-साथ निर्वाचित जनप्रतिनिधि और ग्राम पंचायत के निर्देशों को भी कथित तौर पर महत्व नहीं दे रहा है।स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका सवाल है कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही इस खतरनाक खंभे पर प्रशासन की नजर पड़ेगी या उससे पहले इसे हटाया जाएगा।