बैंक खातों के जरिये भारी लेन-देन, किसान के घर पर छापेमारी

बैंक खातों के जरिये भारी लेन-देन, किसान के घर पर छापेमारी
Published on: 

मालदह: बैंक खाते के माध्यम से कथित तौर पर भारी रकम के कई बार लेनदेन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को चांचल के एक किसान शफीकुल आलम उर्फ लिटन के घर पर छापेमारी की। सुबह करीब सात बजे शुरू हुई कार्रवाई शाम सात बजे तक लगभग 12 घंटे चली।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ईडी की कार्रवाई की भनक लगने के बाद शफीकुल घर से निकल गया था। उसके पिता, जो सेवानिवृत्त प्राथमिक विद्यालय शिक्षक हैं, भी घर पर मौजूद नहीं थे। छापेमारी के दौरान घर में शफीकुल की गर्भवती पत्नी, पांच वर्षीय बेटी और वृद्ध मां मौजूद थीं। सूत्रों के मुताबिक, ईडी अधिकारियों ने परिवार के अन्य सदस्यों से पूछताछ नहीं की।

ईडी सूत्रों के अनुसार, शफीकुल के बैंक खातों से बड़ी मात्रा में वित्तीय लेनदेन हुआ है। जांच अधिकारियों को संदेह है कि खेती के अलावा वह विभिन्न कार्यों में कमीशन के बदले बिचौलिए के रूप में भी काम करता था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, करीब पांच-छह वर्ष पहले शफीकुल चांचल महकमा अदालत में मुंशी (मुक्‍तार के सहायक) का काम करता था। बाद में उसने यह काम छोड़कर अपने पुश्तैनी घर में खेती शुरू कर दी। स्थानीय लोगों के बीच उसकी पहचान एक सामान्य व्यक्ति के रूप में है।

बताया गया कि ईडी अधिकारियों ने शफीकुल के घर के विभिन्न हिस्सों में जांच की। घर में दो पक्के कमरे और टिन की छत वाले दो अन्य कमरे हैं। इसी साधारण मकान को देखते हुए जांच अधिकारी बैंक खातों में हुए बड़े लेनदेन की प्रकृति को लेकर जांच कर रहे हैं।

चांचल महकमा पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि यह ईडी से जुड़ा मामला है। अधिकारी ने कहा कि ईडी किस कारण से पहुंची थी, इस बारे में पुलिस कुछ नहीं बता सकती।

शफीकुल के मामा और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी हारुन राशिद ने कहा कि शफीकुल पहले मुंशी का काम करता था और बाद में खेती करने लगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने उसे कभी किसी गलत गतिविधि में शामिल होते नहीं देखा।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in