

सिलीगुड़ी : मणिपाल हॉस्पिटल्स (सिलीगुड़ी) की ओर से दुर्गा पूजा उत्सव की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले कारीगरों, ढाकियों, पंडाल निर्माताओं, लाइटमैन और अन्य प्रतिनिधियों के सम्मानित किया गया। इसे लेकर बीते शनिवार को ‘पूजोर रूपोकार 2.0’ नामक समारोह का आयोजन सिलीगुड़ी शहर के एक होटल में किया गया। इस उपलक्ष्य में स्वास्थ्य जागरुकता सत्र, सांस्कृतिक प्रस्तुति और सम्मान समारोह का खूब रंग जमा। कार्यक्रम की शुरुआत अस्पताल के निदेशक संजय सिंघा महापात्र के स्वागत संबोधन से हुई। उसके बाद अस्पताल के डॉक्टरों और नेतृत्व ने पारंपरिक दुर्गा प्रतिमा की पूजा की।
स्वास्थ्य जागरुकता सत्र में विशेषज्ञों ने पूजा के दौरान लंबे समय तक काम करने, शारीरिक श्रम और अनियमित दिनचर्या से होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं पर चर्चा की। डॉ. पंकज कुमार (हड्डी रोग विशेषज्ञ) व डॉ. मयुख गुहा (स्पाइन केयर विशेषज्ञ) ने कमर, गर्दन, कंधे और जोड़ों के दर्द से बचाव के उपाय बताए। डॉ. आनंद मोहन चक्रवर्ती (अंतःस्राव विज्ञान विशेषज्ञ) ने अनियमित कार्य समय में रक्त शर्करा प्रबंधन, डॉ. पिनाकी (गैस्ट्रो-एंटरोलॉजी विशेषज्ञ) ने नियमित भोजन और पर्याप्त पानी पीने के महत्व पर जोर दिया। डॉ. पायल बोस (क्रिटिकल केयर मेडिसिन विशेष ज्ञ) ने गंभीर लक्षणों को समय पर पहचानने और डॉ. सिद्धार्थ जय सिंह (यूरोलॉजी विशेषज्ञ) ने मूत्र संबंधी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी।
कैंसर जागरूकता सत्र में डॉ. चिन्नू जोमी (मेडिकल ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ) व डॉ. पृथ्वीजित मैत्रा (रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ) और डॉ. रोहित तेवारी (सर्जिकल ऑन्कोलॉजी एवं जनरल सर्जरी विशेषज्ञ) ने तंबाकू और धूम्रपान से जुड़े जोखिमों, शुरुआती चेतावनी संकेतों तथा समय पर चिकित्सकीय जांच के महत्व पर जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में सवाल-जवाब सत्र हुआ, जिसमें प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों से स्वास्थ्य संबंधी अपनी जिज्ञासाएं साझा कीं। उसके बाद पूजा से जुड़े कारीगरों और प्रतिनिधियों को मणिपाल हॉस्पिटल्स प्रिविलेज कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।