

गंगटोक : सिटिजन एक्शन पार्टी-सिक्किम ने सिक्किम सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार डॉ. महेंद्र पी. लामा के इस्तीफे की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सितंबर के भीतर डॉ. लामा अपने पद से इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह सड़क पर उतरकर आंदोलन शुरू करेगी। सीएपी-एस नेता भूषण अधिकारी ने बुधवार को पत्रकार सम्मेलन में कहा कि पार्टी की आपत्ति डॉ. लामा द्वारा दार्जिलिंग पहाड़ के लिए स्थायी राजनीतिक समाधान के संदर्भ में केंद्र सरकार को दिए गए सुझावों को लेकर है। पार्टी के अनुसार, इस प्रस्ताव में पश्चिम बंगाल के अन्य जिलों तथा पड़ोसी राज्यों से लगे क्षेत्रों को शामिल कर उत्तर बंगाल राज्य के गठन का सुझाव दिया गया है। सीएपी-एस का दावा है कि प्रस्ताव में उल्लिखित पड़ोसी राज्य सिक्किम है। पार्टी ने प्रस्ताव का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि इससे सिक्किम के हित प्रभावित हो सकते हैं और राज्य की क्षेत्रीय अखंडता को लेकर चिंता उत्पन्न होती है। सीएपी-एस ने राज्य सरकार से डॉ. लामा को मुख्य आर्थिक सलाहकार के पद से हटाने की भी मांग की है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि सितंबर के भीतर उसकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वह आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।