

सिलीगुड़ी : इंडियन सोसाइटी ऑफ पेडियाट्रिक नेफ्रोलोजी (ईस्ट जोन चैप्टर) अनुमोदित एसोसिएशन ऑफ पेडियाट्रिक नेफ्रोलोजिस्ट्स ऑफ ईस्टर्न इंडिया (एपीएनईआई-एप्नेई) व सिलीगुड़ी एकेडमी ऑफ पेडियाट्रिक्स के संयुक्त तत्वावधान और सिलीगुड़ी के प्रसिद्ध शिशु रोग चिकित्सा संस्थान ''पैम्पर्ल'' की सहयोग भरी मेजबानी में देश भर के शिशु किडनी रोग चिकित्सा विशेषज्ञों का दो दिवसीय कॉन्फ्रेंस ''एप्नेईकॉन-2026'' शनिवार से शुरू हो गया। शहर के चर्च रोड स्थित होटल सूर्या ग्रांड में इसका भव्य शुभारंभ शनिवार शाम हुआ।
इसमें देश भर से जुटे शिशु किडनी रोग चिकित्सा विशेषज्ञों ने अपनी-अपनी चिकित्सा विशेषज्ञता के अनुभव सभी प्रतिभागी चिकित्सकों संग साझा किए। पहले दिन विविध सत्रों में ''जटिल नेफ्रोटिक सिंड्रोम'' विषय पर डॉ. रंजीत थ्योर्गांकर, ''स्टेरॉयड स्पेयरिंग स्ट्रेटेजी : कब और कैसे'' पर डॉ. शुभंकर सरकार ने विविध चिकित्सकीय आयाम रेखांकित किए। इन्हीं विषयों से संबंधित पहलुओं पर डॉ. ओपी मिश्रा व डॉ. राजीव सिन्हा ने भी अपने-अपने अनुभव साझा किए।
''एप्नेईकॉन-2026'' के मुख्य आयोजन सचिव सिलीगुड़ी के जाने-माने बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रिंस पारख ने कहा कि, यह आयोजन सिलीगुड़ी व उत्तर बंगाल ही नहीं बल्कि देश भर से इस कॉन्फ्रेंस में जुटे तमाम शिशु रोग चिकित्सा विशेषज्ञों के लिए ज्ञानवर्धन का एक बहुत सुनहरा अवसर है। इसमें देश भर के शिशु रोग चिकित्सा विशेषज्ञ अपनी-अपनी विशेषज्ञता व अनुभव एक-दूसरे से साझा करेंगे जिससे सभी समृद्ध होंगे और अपने-अपने क्षेत्रों में शिशु रोग चिकित्सा में उल्लेखनीय योगदान दे पाएंगे।
पहले दिन के सत्रों में डॉ. शीलादित्य मिश्रा, डॉ. सुतनय भट्टाचार्य, डॉ. आनंद जैन, डॉ. जी.पी. सपकोटा, डॉ. कोयल मंडल, डॉ. नीतू शर्मा श्रेष्ठ, डॉ. राजीव दे व डॉ. अभिनव देबनाथ समेत अन्य कई चिकित्सक प्रतिनिधि सम्मिलित हुए। यह कॉन्फ्रेंस अपने दूसरे दिन रविवार को अन्य कई महत्वपूर्ण सत्रों संग संपन्न होगा।