एसआईआर मानते नहीं, मानेंगे नहीं, कांग्रेस ने भरी हुंकार

सिलीगुड़ी में निकाला विशाल प्रतिवाद जुलूस, प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में शामिल हुए उत्तर बंगाल के हजारों लोग 'वोट चोर, गद्दी छोड़' एवं 'एसआईआर मानते नहीं, मानेंगे नहीं' सरीखे नारे लगाए, दी जोरदार आंदोलन की चेतावनी
एसआईआर मानते नहीं, मानेंगे नहीं, कांग्रेस ने भरी हुंकार
Published on

सिलीगुड़ी ः चुनाव आयोग द्वारा बिहार में कराए जा रहे और पश्चिम बंगाल में होने जा रहे वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव री-विजन (एसआईआर) यानी मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण के खिलाफ कांग्रेस ने शनिवार को सिलीगुड़ी में हुंकार भरी। इसे लेकर दार्जिलिंग जिला कांग्रेस के बैनर तले सिलीगुड़ी शहर में विशाल प्रतिवाद जुलूस निकाला गया। कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव व पश्चिम बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर एवं पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने इसका नेतृत्व किया। इसमें पूरे उत्तर बंगाल से हजारों कांग्रेस समर्थक सम्मिलित हुए। उन्होंने बैनर व पोस्टर प्रदर्शित करते हुए एवं नारेबाजी करते हुए केंद्र की मोदी सरकार को जम कर कोसा। 'वोट चोर, गद्दी छोड़' एवं 'एसआईआर मानते नहीं, मानेंगे नहीं' सरीखे नारे लगाए। जोरदार आंदोलन की चेतावनी दी।

इस अवसर पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव व पश्चिम बंगाल प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने कहा कि, केंद्र की भाजपा नीत मोदी सरकार व उसके चुनाव आयोग का स्पेशल इंटेंसिव री-विजन (एसआईआर) यानी मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण राजनीति से प्रेरित है। यह अपने आप में हास्यास्पद है कि आज बिहार में एसआईआर करके 65 लाख मतदातओं को अवैध करार दे दिया गया जबकि उन्हीं 65 लाख वोटर के वोट मात्र 8 महीने पहले हुए लोकसभा चुनाव में वैध रहे। यदि वे वोटर अवैध हैं तो उनके द्वारा बिहार में चुने गए भाजपा व उसकी सहयोगी पार्टियों के सांसद वैध कैसे हो गए? उन सांसदों की बदौलत बनी सरकार वैध कैसे हो गई? तब, तो सरकार, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री सबका चयन अवैध हो गया, उन सबको पद से हट जाना चाहिए। वास्तव में यह मोदी सरकार की तानाशाही है। एसआईआर के बहाने विपक्षी दलों के लोगों के वोट का अधिकार छीनने की कोशिश की जा रही है। इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसके विरुद्ध कांग्रेस का आंदोलन सतत रूप में जारी रहेगा।

वहीं, कांग्रेस के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा कि, कांग्रेस मोदी सरकार को लोगों के वोट का अधिकार छीनने नहीं देगी। सरकार एसआईआर के नाम पर वैध लोगों विशेष कर विपक्षी दलों के लोगों के नाम तदाता सूची से काट दे रही है। वहीं, फर्जी रूप में अपने अन्य जगहों के अपने समर्थकों के नाम अन्य जगह की मतदाता सूची में दर्ज करवा दे रही है। वोट की ऐसी चोरी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके विरुद्ध कांग्रेस का आंदोलन सतत रूप में जारी रहेगा। इस दिशा में आम लोगों को भी सचेत रहना चाहिए व मुखर हो कर आवाज उठानी चाहिए।

इस दिन प्रतिवाद जुलूस में कांग्रेस नेता अली इमरान रम्ज, मुनीष तामांग, सुरेंद्र पारख, दार्जिलिंग जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुबीन भौमिक, दार्जिलिंग जिला महिला कांग्रेस अध्यक्षा रूमा नाथ, दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित तिवारी, दार्जिलिंग जिला छात्र परिषद शहनवाज हुसैन व अन्य हजारों लोग सम्मिलित रहे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in