मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग, प्रदर्शन

मुख्य चुनाव आयुक्त की गिरफ्तारी की मांग, प्रदर्शन
Published on: 

सिलीगुड़ी : एसआईआर के नाम पर करोड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा देने और वोट चोरी करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के विरुद्ध देशव्यापी आंदोलन छेड़ दिया है। उसी के अंग के रूप में दार्जिलिंग जिला कांग्रेस की ओर से सोमवार को सिलीगुड़ी शहर में भी विरोध प्रदर्शन किया गया। शहर में प्रतिवाद रैली निकाली गई और सिलीगुड़ी एसडीओ सह महकमा निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया।

इस अवसर पर संवाददाताओं से बातचीत में रोष जताते हुए दार्जिलिंग जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुबीन भौमिक ने कहा कि, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के नाम पर वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं, जिससे लोगों के लोकतांत्रिक एवं मतदान के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। देश के कई राज्यों में मनमाने तरीके से करोड़ों मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा कर उनके मताधिकार का हनन किया गया है। इस अपराध के लिए भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पूर्णतः जिम्मेदार हैं। इसलिए अविलंब उन्हें गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

उन्होंने आगे कहा कि, मतदाता सूची से किसी भी वैध मतदाता का नाम हटाया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से की जाए और किसी भी पात्र मतदाता को मतदान के अधिकार से वंचित न किया जाए। इस विरोध प्रदर्शन में दार्जिलिंग जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीवन मजूमदार, सचिव शाहनवाज हुसैन, दार्जिलिंग जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित तिवारी व जिला कांग्रेस के कई नेता एवं कार्यकर्ता सम्मिलित रहे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि, मताधिकार लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है और इसे सुरक्षित रखने के लिए कांग्रेस आगे भी अपना आंदोलन जारी रखेगी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in