

इस्लामपुर: इस्लामपुर थाने के कमलागांव-सुजाली इलाके के कमरगाच में सोमवार को चाय बागान की जमीन पर कब्जे और मालिकाना हक को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के कारण तनाव फैल गया। विवाद की सूचना मिलते ही रामगंज पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में हसीबुर रहमान को गिरफ्तार किया है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कमरगाच में चाय बागान की जमीन को लेकर हसीबुर रहमान पक्ष का हारुन रशीद और मुजफ्फर अली पक्ष से लंबे समय से विवाद चल रहा है। सोमवार को हारुन रशीद पक्ष के मजदूर बागान में खाद डालने पहुंचे थे। इसी दौरान हसीबुर रहमान पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
हारुन रशीद ने आरोप लगाया कि मजदूरों को काम करने से रोका गया। वहीं, हसीबुर रहमान ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि वह जमीन संबंधी बातचीत के लिए वहां मौजूद थे और दूसरे पक्ष ने उन पर हमला किया। उन्होंने बिना कागजात सत्यापन गिरफ्तारी का भी आरोप लगाया। इस मामले में सफीलुद्दीन की ओर से काउंटर शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।