इस्लामपुर: इस्लामपुर शहर मंडल भाजपा की ओर से इस्लामपुर सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और सब-डिविजनल हॉस्पिटल में कथित अनियमितताओं और अवैध भर्ती के आरोपों को लेकर अस्पताल सुपरिंटेंडेंट को ज्ञापन सौंपा गया। सोमवार को भाजपा कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय से जुलूस निकालकर अस्पताल परिसर पहुंचे। इस दौरान नेताओं ने आरोप लगाया कि दोनों अस्पतालों में भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है और कर्मचारियों की अवैध तरीके से नियुक्ति की गई है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं, दवा आपूर्ति, साफ-सफाई, इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार की मांग भी उठाई। इस संबंध में एक ज्ञापन अस्पताल प्रशासन को सौंपा गया। इसी दौरान भाजपा नेताओं ने इस्लामपुर सब-डिविजनल अस्पताल के एम्बुलेंस यूनियन कार्यालय का भी दौरा किया। उन्होंने एम्बुलेंस चालकों और यूनियन सदस्यों से बातचीत कर सेवा व्यवस्था की जानकारी ली।
भाजपा नेताओं ने एम्बुलेंस सेवाओं को अधिक पारदर्शी और जनहितैषी बनाने के लिए निर्देश देते हुए मांग की है कि सभी एम्बुलेंस के वैध दस्तावेज, मालिक का नाम, मोबाइल नंबर और चालक की जानकारी दो दिनों के भीतर पार्टी कार्यालय में जमा की जाए। अस्पताल प्रशासन ने आरोपों की जांच कर आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।