

गंगटोक : सिक्किम में आयोजित होने वाली 49वीं जूनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए विभिन्न राज्यों की टीमों का पहला जत्था गुरुवार को बागडोगरा हवाई अड्डे पहुंचा।
यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता आगामी 14 से 21 नवंबर तक गान्तोक स्थित पाल्जोर स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इसमें देश के 32 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से ५०० से अधिक खिलाड़ियों के भाग लेने की उम्मीद है।
बागडोगरा हवाई अड्डे पर पहुंचने वाले खिलाड़ियों का स्वागत नोडल अधिकारी अमर्त्य राज गुरुङ, सहायक निदेशक, सूचना प्रौद्योगिकी योजना एवं विकास; डॉ. दीपेन्द्र ढकाल, सहायक निदेशक, एनबीबीजीसी, शिक्षा विभाग, तादोंग; अरुण बस्नेत, कंप्यूटर ऑपरेटर, बागवानी विभाग; टेम्पो ताशी भूटिया, उप सचिव; गृह विभाग के बागडोगरा कैंप के अधिकारियों; एडेलिन क्रिस्टोफर, टीआईसी, बागडोगरा तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सिलीगुड़ी इकाई के प्रतिनिधियों ने किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों का पारंपरिक खादा पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। इसके बाद उन्हें विशेष रूप से व्यवस्थित बसों के माध्यम से गंगटोक के लिए रवाना किया गया।
प्रतियोगिता के तहत टीम स्पर्धाएं 14 से 16 नवंबर तक आयोजित होंगी, जबकि व्यक्तिगत स्पर्धाएं 17 से 20 नवंबर तक चलेंगी। उल्लेखनीय है कि सिक्किम सरकार ने इस राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप को राज्य स्तरीय आयोजन घोषित किया है। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए राज्य में तैयारियां की जा रही हैं।