नयी पीढ़ी ने नयी सोच के साथ पहली बार किया मतदान

अपने मताधिकार से कल को बदलने की जतायी उम्मीद
नयी पीढ़ी ने नयी सोच के साथ पहली बार किया मतदान
Published on

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : लोकतंत्र के महापर्व में युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मतदान केंद्रों पर कई ऐसे मतदाता पहुंचे जिन्होंने पहली बार अपने मताधिकार का उपयोग किया। उनकी बातों से यह स्पष्ट हो रहा था कि युवा अपने मतदान को लेकर काफी सजग हैं और इसके माध्यम से अपने भविष्य को बदलने की सोच रखते हैं। बातचीत के दौरान यह देखा गया कि युवा आने वाली सरकार से मुख्य रूप से महिला सुरक्षा, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और रोजगार के अवसरों पर ध्यान देने की अपेक्षा रखते हैं।

आइये, जानते हैं हमारे युवा वोटर्स की सोच को

बड़ाबाजार की रहने वाली चेरी गोयनका, जो फर्स्ट टाइम वोटर हैं उन्होंने कहा कि कोई भी सरकार आए, वह सबसे पहले महिला सुरक्षा को लेकर काम करे और रोजगार के अवसर बढ़े, यही उम्मीद है। अनिशका शर्मा ने कहा कि वह चाहती हैं कि एरिया का डेवलपमेंट हो और वह वोट डालने के लिए काफी एक्साइटेड थीं। पाथुरियाघाटा से आई रेशु गुप्ता ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर आने वाली सरकार काम करे, ताकि रात दिन कभी भी बाहर निकलने से पहले महिलाओं को सोचना नहीं पड़े, बस यही सोचकर मैंने अपना उम्मीदवार चुना है और मैंने वोट डाला। जोड़ासांको की रहने वाली राइमा पॉल ने कहा कि पहली बार वोट दी हूं, मगर कोई कुछ भी समझने में समस्या नहीं हुई। BLO से लेकर सभी लोगों ने काफी ज्यादा मदद की है। सिक्योरिटी मैनेजमेंट भी काफी अच्छी थी। शिल्पी चंद ने कहा कि पहले काफी डर लग रहा था कि किस तरह से मतदान की प्रक्रिया होगी, मगर मतदान केंद्रों में सभी ने काफी सहायता की। उन्होंने कहा कि फिलहाल महिलाओं की सुरक्षा सबसे अहम मुद्दा है, जो भी सरकार आए, इस ओर जरूर ध्यान दें। मिस मिश्रा ने बताया कि वह पहली बार वोट डालने आयी है और काफी अच्छा लग रहा है।

उत्साहित मतदाताओं ने मताधिकार का किया प्रयोग

जोड़ासांको में राजेंद्र कुमार सोनी ने अपने परिवार के साथ मतदान कर लोकतंत्र के इस उत्सव में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव एक बहुत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, इसमें शामिल होना बहुत जरूरी है। बसंत दुजारी ने सपत्नी मतदान कर लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लिया।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in