

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : ICSE और ISC 2026 के रिजल्ट में बंगाल के कुछ ऐसे छात्र भी शमिल हैं, जिन्होंने 100% लाकर परचम लहराया है। उन लोगों ने न सिर्फ अपने स्कूल का और बंगाल का नाम रोशन किया है बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी अपना नाम दर्ज कराया है। सेंट जेवियर्स, पानीहाटी की छात्रा अनुष्का घोष ने 12वीं में 100% लाकर राष्ट्रीय स्तर पर पहला स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय अपनी मां और अपने स्कूल को दिया है। उन्होंने भविष्य में इंजीनियरिंग में डिग्री हासिल करने की इच्छा व्यक्त की है। इसके अलावा द हेरिटेज स्कूल की इलिना राजकुमार उदानी (ह्यूमैनिटीज) ने पूरे 100% अंक हासिल किये और संस्थान का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि वे रोजाना 4 से 5 घंटे ध्यान से पढ़ाई करती थी। वह भविष्य में इंग्लिश एंड मीडिया स्टडीज लेकर पढ़ाई करने की सोच रही हैं और आगे चलकर रिसर्च के क्षेत्र में जाना चाहती हैं। डीपीएस मेगासिटी, कोलकाता के छात्र अनन रामी ने ISC कक्षा 12 की परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए 100% अंक हासिल किए हैं।
मुख्यमंत्री ने दीं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को ICSE और ISC परीक्षाओं के परिणामों की घोषणा के बाद एक संदेश में कहा कि ICSE और ISC परीक्षाओं में उत्तीर्ण होने पर मेरे सभी प्यारे छात्रों को हार्दिक बधाई, मैं आपके परिणामों से बहुत-बहुत खुश हूँ। आपके उज्ज्वल भविष्य और आपके सभी आगामी कार्यों के लिए मेरी शुभकामनाएं हमेशा आपके साथ हैं। माता-पिता और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों की सफलता को आकार देने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। मुख्यमंत्री ने उन छात्रों के लिए भी संदेश दिया, जो परीक्षाओं में उत्तीर्ण नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि जो लोग इस बार सफल नहीं हो पाए, वे दुखी न हों। हिम्मत न हारें। यह अंत नहीं है। मुझे आप पर पूरा भरोसा है। आने वाले दिनों में आप निश्चित रूप से सफल होंगे। उन्होंने कहा कि मेरा आशीर्वाद और प्यार हमेशा आपके साथ रहेगा। आगे बढ़ते रहिए।