

प्रगति, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पोस्टग्रेजुएट में एडमिशन के लिए कलकत्ता यूनिवर्सिटी ने एप्लीकेशन की डेडलाइन बढ़ा दी है। हालांकि जानकारी के अनुसार यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े कॉलेजों में दो साल के मास्टर प्रोग्राम के लिए उपलब्ध सीटों में से केवल 35-40% सीटों के लिए ही आवेदन मिले हैं। ऐसे में डेडलाइन को अगले सोमवार, 15 जून तक बढ़ाने का शुरुआती फैसला लिया गया है। वाइस-चांसलर आशुतोष घोष ने कहा कि अगर आर्ट्स, साइंस, कॉमर्स, जर्नलिज्म, एजुकेशन और लाइब्रेरी साइंस में उपलब्ध सीटों की तुलना में आवेदनों की संख्या कम रहती है, तो हमें पोस्टग्रेजुएट एंट्रेंस एग्जाम पर फिर से विचार करना होगा। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (2020) के तहत, कलकत्ता यूनिवर्सिटी ने 2022-23 एकेडमिक सेशन के लिए तीन साल के 'मेजर' कोर्स और चार साल के 'ऑनर्स-विद-रिसर्च' कोर्स शुरू किए थे। तीन साल का मेजर कोर्स पूरा करने वाले छात्र दो साल के मास्टर प्रोग्राम के लिए योग्य हैं, जबकि चार साल का ऑनर्स-विद-रिसर्च कोर्स पूरा करने वाले छात्र एक साल के मास्टर प्रोग्राम में दाखिला ले सकते हैं। इसी नीति का पालन करते हुए यूनिवर्सिटी ने इस साल पहली बार दो साल के मास्टर कोर्स के लिए एंट्रेंस एग्जाम आयोजित किया।
कब तक थी आवेदन की डेडलाइन?
आवेदन शुरू में 11 मई से 20 मई तक स्वीकार किए गए थे। उस दौरान मिले आवेदनों की संख्या बहुत कम थी। नतीजतन, 58 से ज्यादा कोर्स के लिए एप्लीकेशन की डेडलाइन 6 जून तक बढ़ा दी गई थी। हालांकि, रिस्पॉन्स कम होने के कारण डेडलाइन 15 जून तक बढ़ाइ गई है। वीसी ने बताया कि इस मामले पर अंतिम फैसला सोमवार को लिया गया। जानकारी के मुताबिक मास्टर कोर्स यूनिवर्सिटी के 11 कैंपस और उससे जुड़े 150 कॉलेजों में से 48 कॉलेजों में पढ़ाए जाते हैं, जिनमें कुल 6,500 सीटें हैं।