छठ : वैज्ञानिक, वैदिक और पौराणिक विवरण

छठ
छठ
Published on: 

एक दृढ़ संकल्प

यह छठ एक दृढ़ संकल्प है। यह मानवता का दृढ़ संकल्प है। पाखंड से दूर प्रकृति के साथ जुड़ने की दृढ़ता है। नदी में घुलने की, सूर्य के संग जीने की, उसके संग चलने की दृढ़ता है। कौन कहता है कि जो डूब गया, वह खो गया? कौन कहता है कि जो अस्त हुआ, वह समाप्त हो गया? जैसे सूर्य अस्त होता है और फिर उदय भी होता है, वैसे ही एक सभ्यता समाप्त होती है, तो दूसरी जन्म लेती है। जो मरता है, वह फिर जन्म लेता है; जो डूबता है, वह फिर उभरता है; जो अस्त होता है, वह फिर प्रकट होता है; जो ढलता है, वह फिर खिलता है। यही चक्र छठ का सार है, यही प्रकृति का शाश्वत सिद्धांत है। यही भारतीय संस्कृति का मूल है। छठ का पर्व इसी जीवन और प्रकृति के चक्र को समझने का अवसर है।

छठ हमें सिखाती है कि चाहे स्थिति कैसी भी हो, मनुष्य को अपनी मानवता बनाए रखना चाहिए—चाहे वह बादलों से ढका अंधकारमय आकाश हो या जलती हुई धूप की दुपहरी। जो दोनों परिस्थितियों में अपने मन को स्थिर रख, आराधना में तल्लीन रहता है, वही सच्चा विजेता है, जैसे कष्टकाल में द्रौपदी ने अपनी दृढ़ता बनाए रखी। यही छठ की अडिगता है, जो प्रकृति से गहरे से जुड़ी है। यह मानवता, पर्यावरण, नदियों और प्रकृति का पूजन है, और सूर्य की वैज्ञानिक उपासना का चलन है।

इसलिए कहा जाता है छठ

भारत में छठ सूर्योपासना के लिए प्रसिद्ध पर्व है। मूलत: सूर्य षष्ठी व्रत होने के कारण इसे छठ कहा गया है। यह पर्व वर्ष में दो बार मनाया जाता है। पहली बार चैत्र में और दूसरी बार कार्तिक में। चैत्र शुक्ल पक्ष षष्ठी पर मनाये जाने वाले छठ पर्व को चैती छठ व कार्तिक शुक्ल पक्ष षष्ठी पर मनाये जाने वाले पर्व को कार्तिकी छठ कहा जाता है। पारिवारिक सुख-समृद्धी तथा मनोवांछित फल प्राप्ति के लिए यह पर्व मनाया जाता है। स्त्री और पुरुष समान रूप से इस पर्व को मनाते हैं। छठ व्रत के सम्बन्ध में अनेक कथाएँ प्रचलित हैं; उनमें से एक कथा के अनुसार जब पांडव अपना सारा राजपाट जुए में हार गये, तब श्री कृष्ण द्वारा बताये जाने पर द्रौपदी ने छठ व्रत रखा। तब उनकी मनोकामनाएँ पूरी हुईं तथा पांडवों को उनका राजपाट वापस मिला। लोक परम्परा के अनुसार सूर्यदेव और छठी मइया का सम्बन्ध भाई-बहन का है। लोक मातृका षष्ठी की पहली पूजा सूर्य ने ही की थी।

वैज्ञानिक दृष्टिकोण

छठ पर्व को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखा जाए तो षष्ठी तिथि (छठ) को एक विशेष खगोलीय परिवर्तन होता है, इस समय सूर्य की पराबैगनी किरणें (Ultra Violet Rays) पृथ्वी की सतह पर सामान्य से अधिक मात्रा में एकत्र हो जाती हैं इस कारण इसके सम्भावित कुप्रभावों से मानव की यथासम्भव रक्षा करने का सामर्थ्य प्राप्त होता है। पर्व पालन से सूर्य (तारा) प्रकाश (पराबैगनी किरण) के हानिकारक प्रभाव से जीवों की रक्षा सम्भव है। पृथ्वी के जीवों को इससे बहुत लाभ मिलता है।

सूर्य के प्रकाश के साथ उसकी पराबैगनी किरण भी चंद्रमा और पृथ्वी पर आती हैं। सूर्य का प्रकाश जब पृथ्वी पर पहुँचता है, तो पहले वायुमंडल मिलता है। वायुमंडल में प्रवेश करने पर उसे आयन मंडल मिलता है। पराबैगनी किरणों का उपयोग कर वायुमंडल अपने ऑक्सीजन तत्त्व को संश्लेषित कर उसे उसके एलोट्रोप ओजोन में बदल देता है। इस क्रिया द्वारा सूर्य की पराबैगनी किरणों का अधिकांश भाग पृथ्वी के वायुमंडल में ही अवशोषित हो जाता है। पृथ्वी की सतह पर केवल उसका नगण्य भाग ही पहुँच पाता है। सामान्य अवस्था में पृथ्वी की सतह पर पहुँचने वाली पराबैगनी किरण की मात्रा मनुष्यों या जीवों के सहन करने की सीमा में होती है। अत: सामान्य अवस्था में मनुष्यों पर उसका कोई विशेष हानिकारक प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि उस धूप द्वारा हानिकारक कीटाणु मर जाते हैं, जिससे मनुष्य या जीवन को लाभ होता है।

छठ जैसी खगोलीय स्थिति (चंद्रमा और पृथ्वी के भ्रमण तलों की सम रेखा के दोनों छोरों पर) सूर्य की पराबैगनी किरणें कुछ चंद्र सतह से परावर्तित तथा कुछ गोलीय अपवर्तित होती हुई, पृथ्वी पर पुन: सामान्य से अधिक मात्रा में पहुँच जाती हैं। वायुमंडल के स्तरों से आवर्तित होती हुई, सूर्यास्त तथा सूर्योदय को यह और भी सघन हो जाती है। ज्योतिषीय गणना के अनुसार यह घटना कार्तिक तथा चैत्र मास की अमावस्या के छ: दिन उपरान्त आती है। ज्योतिषीय गणना पर आधारित होने के कारण इसका नाम और कुछ नहीं, बल्कि छठ पर्व ही रखा गया है।

छठ जैसी खगोलीय स्थिति (चंद्रमा और पृथ्वी के परिक्रमा पथ की समरेखा के दोनों छोर पर) के दौरान सूर्य की पराबैंगनी किरणें कुछ चंद्रमा की सतह से परावर्तित और कुछ वायुमंडल में अपवर्तित होकर पृथ्वी पर सामान्य से अधिक मात्रा में पहुँचती हैं। वायुमंडल के स्तरों से गुजरने के बाद सूर्यास्त और सूर्योदय के समय ये किरणें अधिक सघन हो जाती हैं। ज्योतिषीय गणना के अनुसार यह घटना कार्तिक और चैत्र मास की अमावस्या के छह दिन बाद आती है। ज्योतिषीय गणना पर आधारित होने के कारण इस पर्व का नाम छठ पर्व रखा गया है।

देखते हैं वेदों में सूर्य का क्या विवरण मिलता है।

ऋग्वेद(1.112.1), यजुर्वेद(7.42) और अथर्ववेद(13.2.35) में एक श्लोक है 'सूर्य आत्मा जगतस्तस्थुषश्च' जो कि क्रमशः सूर्य को ऊर्जा मानने की पुष्टि करता है।

ठीक इसी तरह ब्रह्मांड में सूर्य अनेक हैं। इस बात का प्रमाण ऋग्वेद(9.114.3) में मिलता है। यह एक मंत्र में इस बात को बताया गया है। यह मंत्र है, 'सप्त दिशो नानासूर्या:। देवा आदित्या ये सप्त।' यानी सूर्य अनेक हैं। यहां सात सूर्य से आशय सात सौरमंडल से है। लेकिन विज्ञान ने अभी तक एक ही सौर मंडल को खोजा है।

विज्ञान से पहले हमारे वेदों में यह वर्णित था कि सूर्य के चारों ओर विशाल गैस का भंडार है। यह बात ऋग्वेद(1.164.43) में मंत्र, 'शकमयं धूमम् आराद् अपश्यम्, विषुवता पर एनावरेण।' यानी सूर्य के चारों और दूर-दूर तक शक्तिशाली गैस फैली हुई हैं। यहां गैस के लिए धूम शब्द का प्रयोग किया गया है।

सूर्य प्रदूषण नाशक भी है इस बात का उल्लेख अथर्ववेद (3.7) में मिलता है। इसे मंत्र, 'उत पुरस्तात् सूर्य एत, दुष्टान् च ध्नन् अदृष्टान् च, सर्वान् च प्रमृणन् कृमीन्।' से उल्लेखित किया गया है। यानी इसका अर्थ है सूर्य का प्रकाश दिखाई देने वाले और न दिखाई देने वाले सभी प्रकार के प्रदूषित जीवाणुओं और रोगाणुओं को नष्ट करने की क्षमता रखता है।

सूर्य चंद्रमा को प्रकाश देता है। यह बात सदियों पहले हमें इन्हीं वेदों से मिलती है। यजुर्वेद(18.40) में मंत्र है, 'सुषुम्णः सूर्य रश्मिः चंद्रमा गरन्धर्व, अस्यैको रश्मिः चंद्रमसं प्रति दीप्तयते।' निरुक्त( 2.6) 'आदित्यतोअस्य दीप्तिर्भवति।' यानी सूर्य की सुषुम्ण नामक किरणें चंद्रमा को प्रकाश देती हैं।

चंद्रमा का स्वयं का प्रकाश नहीं है। वह पृथ्वी का एकमात्र उपग्रह है। वह सूर्य की किरणों से प्रकाशित होता है। यही बात को यास्क ने निरुक्त में कही है जो कि ऊपर दिए मंत्र में वर्णित है।

इसी तरह सामवेद में उल्लेखित है कि सूर्य संसार का धारक और पालक है। इसे मंत्र, सामवेद (1845) 'धर्ता दिवो भुवनस्य विश्पति:' में बताया गया है।

षष्ठी देवी को लोकभाषा में छठ माता कहा जाता है

छठ में भले सूर्य देवता की पूजा होती हो लेकिन छठ पर्व को मैया कहकर संबोधित किया जाता है। ऐसा इसलिए है क्योंकि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार षष्ठी देवी को लोकभाषा में छठ माता कहा जाता है, जो ऋषि कश्यप तथा अदिति की मानस पुत्री हैं। इन्हें देवसेना के नाम से भी जाना जाता है। मां देवसेना भगवान सूर्य की बहन तथा भगवान कार्तिकेय की पत्नी हैं। देवासुर संग्राम में देवताओं की मदद के लिए जब इन्होंने असुरों का संहार किया, तो इन्हें देवसेना कहा गया। देवसेना के बारे में कहा जाता है कि वो नवजात शिशुओं के जन्मकाल से लेकर अगले 6 दिनों तक उनके पास रहकर उनकी रक्षा करती हैं। छठ एक बहुत ही महिमामयी पर्व है और कई पुराणों और वेद में इसका जिक्र मिलता है। इसलिए, इससे जुड़ी कई पैराणिक कथाएं हैं।

पयोव्रत

सनातन धर्म के अस्तित्व में आने के बाद छठ से पहले एकमात्र व्रत पयोव्रत का विवरण मिलता है। यह व्रत कश्यप ऋषि के कहने पर माता अदिति ने किया था। इसमें उन्होंने केवल दूध का सेवन किया था। इस व्रत के उपरांत ही माता अदिति के गर्भ से वामन भगवान ने अवतार लिया था। इस व्रत का उल्लेख श्रीमद्भागवत पुराण में है। यह पहला व्रत था, लेकिन इसके बाद दूसरे व्रत के रूप में छठ का ही उल्लेख स्कंद पुराण में मिलता है। स्कंद पुराण में छठी मैया की महिमा का वर्णन एक कथा के रूप में विस्तार से किया गया है। कथा के।अनुसार राजा स्वयंभू मनु के दूसरे पुत्र प्रियव्रत को संतान की प्राप्ति नहीं हो रही थी। संतान की प्राप्ति के लिए उन्होंने कठोर तप किया तो उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति तो हुई, लेकिन वह मृत था । ऐसे में प्रियव्रत जोर-जोर से विलाप करने लगे। उनके विलाप को सुनकर आसमान से "सहासन पर सवार एक देवी उनके पास आई और उस देवी के आशीर्वाद से मृत शिशु जीवित हो उठा। इस पर प्रियव्रत ने दोनों हाथ जोड़कर उस देवी की आराधना की और पूछा कि आप कौन हैं तो जवाब में उस देवी ने कहा कि मैं छठ माता हूं, मैं नि:संतान दंपती को संतान होने का आशीर्वाद देती हूं और जिनके संतान हैं, मैं उसकी रक्षा करती हूं। स्कंद पुराण में छठ पर्व करने की विधियों के बारे में भी विस्तार से बताया गया है।

ये छठ है, हठ है, मानव की अन्यतम हठ है

पाखंडों से दूर प्रकृति योग मिलन की हठ है

नदी घुलन की हठ है भास्कर पूजन की हठ है

भानु प्रभा विग्रह की हठ है विघटन की हठ है

कौन कहता है जो' डूब गया वो छूट गया

कौन कहता है जो अस्त हुआ वो समाप्त हुआ

अस्त हुआ सूर्य प्रतिदिन प्रातः होता उदित है

मरता है वो जन्म लेता है नियम प्रचलित है

जन्म मरण चक्र से निवृति की अनुपम हठ है

जो ढलते हैं वे पुनः आ आ वही खिलते है

यही ढलने खिलने के चक्र को छठ कहते हैं

प्राकृतिक नियम ही पर्व छठ है यही संस्कृति है

इस आकृति चक्र को समझना ही मूल प्रकृति है

सूर्य पर्व है दे अर्घ्य करते नमन यह छठ है

सुरेश चौधरी 

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News