'विकास के लिए रोडमैप बनाकर काम कर रही है सरकार', बोले CM शर्मा

मुख्यमंत्री ने टोंक में 370 करोड़ रुपये के 64 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया
CM भजनलाल शर्मा
CM भजनलाल शर्मा
Published on: 

जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को कहा कि राज्य सरकार विकास के लिए रोडमैप बनाकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में गरीबों के उत्थान के साथ-साथ युवाओं को रोजगार मिल रहा है। शर्मा टोंक के निवाई में ग्राम उत्थान शिविर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राजस्थान को ऐसा प्रदेश बनाया है जहां युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर हैं, गरीबों का उत्थान और किसानों का जीवन खुशहाल हो रहा है। इसी कड़ी में ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूक करते हुए पात्र व्यक्तियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्राम उत्थान शिविरों में किसानों, पशुपालकों के उत्थान के लिए महत्वपूर्ण काम किए जा रहे हैं। अब तक 941 ग्राम उत्थान शिविर लगाकर लाखों ग्रामीणों को लाभ पहुंचाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘वीबी जी राम जी’ (विकसित भारत-रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण)) कानून लेकर आई है जिसके अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिन के रोजगार की गारंटी दी गई है। उन्होंने कहा कि यह कानून ग्रामीण भारत की तस्वीर बदलेगा और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सशक्त भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार राज्य के विकास के लिए ‘रोडमैप’ बनाकर कार्य कर रही है। पानी की प्राथमिकता को समझते हुए हमने रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, गंगनहर की मरम्मत जैसे अनेक ऐतिहासिक निर्णय किए हैं। सरकार वर्ष 2027 तक किसानों को दिन में बिजली देने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर दे रही है। उन्होंने युवाओं को आश्वस्त किया कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें सरकार आपके साथ खड़ी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने टोंक में 370 करोड़ रुपये से अधिक राशि के 64 विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News