

जयपुर : राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना कस्बे की जेल में 14 कैदी कई दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इनमें से नौ कैदियों को तबीयत बिगड़ने पर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों ने बताया कि दूसरी जेल में भेजे जाने की मांग को लेकर भूख हड़ताल कर रहे 14 कैदियों में से नौ को इलाज के लिए भरतपुर के अस्पताल में भेजा गया है। जबकि बाकी पांच का इलाज जेल परिसर के अंदर ही चिकित्सकों की देखरेख में किया जा रहा है।
जेलर केदार शर्मा ने बताया कि हाल ही में बयाना उप कारागृह में स्थानांतरित किए गए 30 कैदियों में से 15 ने समझाइश के बाद हड़ताल तोड़ दी, लेकिन 14 अब भी भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा, एक कैदी को रिहा कर दिया गया है।
भूख हड़ताल कर रहे कैदी उन्हें सेवर केंद्रीय कारागार भेजे जाने की मांग कर रहे हैं क्योंकि वहां बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बयाना उप कारागृह में बुनियादी सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए यह आंदोलन शुरू किया है।
अधिकारियों के अनुसार जेल में अधिक कैदी होने के कारण इन कैदियों को 22 अप्रैल को गंगापुर सिटी जेल से बयाना स्थानांतरित किया गया था। स्थानांतरण के तुरंत बाद ही जेल की व्यवस्थाओं को लेकर कैदियों में असंतोष पैदा हो गया जिसने बाद में भूख हड़ताल का रूप ले लिया।
पुलिस ने बताया कि चिकित्सकों की देखरेख में दो टीम तैनात की गई हैं और कैदियों को जरूरी इलाज मुहैया कराया जा रहा है। इस बीच प्रशासनिक अधिकारियों ने जेल का दौरा किया और हड़ताल कर रहे कैदियों से बातचीत करके उनसे हड़ताल समाप्त करने के लिए कहा।
शर्मा ने कहा, इस मुद्दे को सुलझाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानांतरण की मांग पर उच्च स्तर पर विचार-विमर्श चल रहा है।