

झालावाड़ : राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार को सरकारी स्कूल की इमारत का एक हिस्सा ढहने से 7 बच्चों की मौत हो गई और 28 अन्य घायल हो गए।
घटना जिले के मनोहरथाना ब्लॉक के पीपलोदी सरकारी स्कूल में हुई जब बच्चे सुबह की प्रार्थना के लिए इकट्ठा हो रहे थे, तभी छठी और सातवीं कक्षा की छत ढहने से इमारत का हिस्सा ढह गया। घटना के बाद मलबे का ढेर लग गया, घबराए हुए शिक्षक, अभिभावकों व आसपास के अन्य लोगों ने बचाव का कार्य शुरू करते हुए बच्चों को मलबे से निकालना आरंभ किया।
पुलिस को सुबह करीब 7:45 बजे सूचना दी गई। जयपुर से लगभग 340 किलोमीटर दूर झालावाड़ के मनोहरथाना ब्लॉक के इस सरकारी स्कूल में हादसे में जान गंवाने वाले वाले पांच बच्चों की पहचान हो गई है। मनोहरथाना के थाना प्रभारी नंद किशोर ने बताया कि उनके नाम कुंदर, कान्हा, रैदास, अनुराधा और बादल भील हैं। घायलों को झालावाड़ अस्पताल और मनोहरथाना स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई लोगों ने इस हादसे पर शोक व्यक्त किया। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, राजस्थान के झालावाड़ में एक विद्यालय की छत गिरने से कई विद्यार्थियों की मृत्यु और घायल होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मेरी प्रार्थना है कि ईश्वर शोक संतप्त परिजनों को यह पीड़ा सहन करने की शक्ति प्रदान करे। मैं इस दुर्घटना में घायल हुए विद्यार्थियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस घटना में हुई मौतों पर गहरा शोक व्यक्त किया। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, राजस्थान के झालावाड़ में एक स्कूल में हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्राधिकारी पीड़ितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।
राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री शर्मा ने 'एक्स' पर लिखा, झालावाड़ के पीपलोदी में विद्यालय की छत गिरने से हुआ दर्दनाक हादसा अत्यंत दुखद एवं हृदयविदारक है। घायल बच्चों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है। ईश्वर दिवंगत दिव्य आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति दें।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि घटना की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाएगी। उन्होंने विभाग के उच्च अधिकारियों को घटनास्थल पर तुरंत पहुंचने और बच्चों को उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा, झालावाड़ के पीपलोदी गांव में एक स्कूल की छत गिरने की एक बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण घटना हुई है। हम नजदीकी अस्पताल में सरकारी खर्च पर घायलों का इलाज करवाएंगे।