

जयपुर : राजस्थान के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए हुए मतदान के वोटों की गिनती शुक्रवार को हो रही है। शुरुआती रूझान में कांग्रेस ने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर बढ़त बना ली है।
अधिकारियों ने बताया कि मतगणना शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू हुई। दोपहर एक बजे तक पंचायत समिति के कुल 7543 सदस्यों में से 2756 के परिणाम घोषित हुए। इनमें से कांग्रेस ने 1407 सीटें जीती जबकि भाजपा के खाते में 838 सीटें गईं।
राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने 192 सीटें, माकर्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने 32, बहुजन समाज पार्टी ने 16 और भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) ने 54 सीटें जीती हैं, वहीं निर्दलीय उम्मीदवारों ने 216 सीटों पर जीत हासिल की है।
जिला परिषद के सदस्यों के चुनाव में दोपहर एक बजे तक घोषित 21 नतीजों में से कांग्रेस ने 12 और भाजपा ने नौ सीटें जीती हैं। राज्य के 41 में से 37 जिलों में पंचायत समिति के 7543 सदस्यों और जिला परिषद के 1275 सदस्यों के लिए हुए चुनाव की मतगणना चल रही है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, राज्य के 41 में से 37 जिलों में जिला परिषद के 1,275 सदस्य पदों के लिए 4,069 उम्मीदवार मैदान में थे जबकि 419 पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाले 7,543 पंचायत समिति वार्डों के लिए 25,108 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे थे। आज इन्हीं जगहों पर वोटों की गिनती हो रही है। इन पदों के लिए 22 अक्टूबर, 28 अक्टूबर, 3 नवंबर और 14 नवंबर को हुए चार चरणों के चुनाव में 41,480 मतदान केंद्रों पर 2.48 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने वोट डाले।
उल्लेखनीय है कि कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर को छोड़कर बाकी सभी जिलों में मतगणना हो रही है। इन चार जिलों में मतगणना को 17 दिसंबर तक के लिए टाल दिया गया है क्योंकि मौजूदा जिला परिषदों और पंचायत समितियों का पांच साल का कार्यकाल दिसंबर में पूरा हो रहा है।
राज्य में कुल 41 जिलों में चार चरणों में हुए चुनावों में 1,403 जिला परिषद वार्ड और 457 पंचायत समितियों के अंतर्गत 8245 पंचायत समिति वार्ड शामिल थे। इन चुनावों में कुल 32,404 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया और 45,385 मतदान केंद्रों पर 2.73 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने मतदान किया।
नवनिर्वाचित जिला परिषद और पंचायत समिति के सदस्य बाद में अपने-अपने निकायों के प्रमुखों का चुनाव करेंगे। जिला परिषद प्रमुखों के चुनाव 25 नवंबर को और उप-जिला प्रमुखों के चुनाव 26 नवंबर को होने हैं। पंचायत समिति प्रधानों का चुनाव 27 नवंबर को और उप-प्रधानों का चुनाव 28 नवंबर को होगा।
जिन चार जिलों में मतगणना टाल दी गई है, वहां जिला प्रमुखों और उप-जिला प्रमुखों के चुनाव क्रमशः 22 और 23 दिसंबर को होंगे, जबकि प्रधानों और उप-प्रधानों का चुनाव 24 और 25 दिसंबर को होगा।