राजस्थान : एक्सप्रेसवे पर नाले में गिरी मिनी बस, 8 यात्रियों की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा : झपकी के कारण चालक ने खोया नियंत्रण
सांकेतिक तस्वीर
सांकेतिक तस्वीर
Published on: 

कोटा : राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह करीब छह बजे 23 यात्रियों को लेकर जा रही एक मिनी बस के 15 फुट गहरे नाले में गिरने से कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य यात्री घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि घायलों में से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। ऐसी आशंका है कि चालक को झपकी आ गई थी जिसके कारण वाहन आठ लेन वाली सड़क से नाले में गिर गया।

हादसे की सूचना मिलते ही आपात कर्मियों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया लेकिन नाले में जमा कीचड़ और पानी के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। पुलिस के मुताबिक, क्षतिग्रस्त मिनी बस को बाहर निकालने और उसमें फंसे यात्रियों को बचाने के लिए क्रेन की मदद ली गई।

कोटा (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि ज्यादातर यात्री मध्यप्रदेश के भोपाल और बैतूल जिलों के थे। वे राजस्थान में चार से पांच दिन की तीर्थयात्रा पर आए थे। यात्रा शुक्रवार शाम भोपाल से शुरू हुई थी।

हादसे में घायल यात्री अंशिका ने बताया कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ यात्रा कर रही थी, जिनमें उसके चाचा, चाची और अन्य रिश्तेदार शामिल थे। वे शुक्रवार शाम सात बजे भोपाल से रवाना हुए थे और खाटू श्यामजी मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे कि तभी यह हादसा हो गया।

अंशिका के अनुसार, वाहन में करीब 23 यात्री सवार थे और हादसे के समय उनमें से ज्यादातर सो रहे थे। उसने आशंका जताई कि चालक को झपकी आ गई होगी। घायलों को न्यू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एनएमसीएच) और एमबीएस अस्पताल ले जाया गया।

एनएमसीएच के प्राचार्य डॉ. निलेश जैन ने बताया कि घायलों का उपचार और सीटी स्कैन जैसी आवश्यक जांच तत्काल शुरू कर दी गईं। अस्पताल में कुल 15 मरीज लाए गए, जिनमें से सात को मृत अवस्था में लाया गया, जबकि घायल आठ अन्य मरीजों को तत्काल प्राथमिक उपचार देकर उनकी हालत स्थिर करने के प्रयास किए गए और उन्हें व्यापक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।

पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने बताया कि हादसे में आठ लोगों की मौत हुई है और बाकी यात्रियों का इलाज किया जा रहा है। अधिकारी घटनास्थल को साफ कराने और यात्रियों से संबंधित विवरणों की पुष्टि करने में जुटे हैं।

सांकेतिक तस्वीर
उत्तर प्रदेश ने गत नौ साल में सुरक्षा, सुशासन की एक नयी यात्रा तय की है : योगी
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in