राजस्थान : नीमराना कबाड़ गोदाम में भीषण अग्निकांड, 4 लोग जिंदा जले, कई झुलसे

गोदाम मालिक फरार, पुलिस ने सहयोगी को हिरासत में लेकर जांच शुरू की
गोदाम में आग
गोदाम में आग
Published on

जयपुर : राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के नीमराना इलाके में कबाड़ के एक गोदाम में आग लगने से दो नाबालिग लड़कियों सहित 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार यह घटना शुक्रवार रात की है।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने देर रात चार शव बरामद किए और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान कविता (15), उसकी सात साल की रिश्तेदार, चालक रविदत्त यादव और गोदाम संचालक के सहयोगी जॉनी के रूप में हुई है।

जॉनी गोदाम में ‘प्लास्टिक प्रोसेसिंग’ मशीन पर काम करता था। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि चालक प्लास्टिक का सामान खरीदने के लिए हरियाणा से आया था। इस दौरान छोटी लड़की कबाड़ में पड़ी परफ्यूम की बोतलों को छांट रही थी और उनके ढक्कन हटा रही थी।

पुलिस को संदेह है कि चालक द्वारा फेंकी गई जलती बीड़ी से बोतलों में मौजूद ‘स्पिरिट’ (अल्कोहल) में आग लग गई। आग के फैलते ही उससे बचने के लिए वहां मौजूद लोग एक तरफ भागे लेकिन वहां दीवार थी। वे अंदर ही फंस गए और दम घुटने से उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि बाद में उनके जले शव बरामद किए गए। उसने बताया कि गोदाम में काम करने वाली एक महिला किसी तहफ बाहर आ गई, लेकिन वह चोटिल हो गई।

पुलिस ने पूछताछ के लिए गोदाम मालिक के एक सहयोगी को हिरासत में लिया है जबकि मालिक करण सिंह फरार है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in