पाली के सरकारी अस्पताल में चूहों और कुत्तों का आतंक

लापरवाही पर स्टाफ के खिलाफ सख्त कदम
चूहों
चूहों
Published on: 

जोधपुर : राजस्थान के पाली जिले के एक सरकारी अस्पताल के वार्ड में कुत्ता घूमने और मरीजों को चूहों द्वारा कटे जाने की शिकायतों के बाद अस्पताल प्रशासन ने लापरवाही के आरोप में कर्मचारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

अस्पताल प्रशासन ने वार्ड प्रभारी और नर्सिंग स्टाफ के एक सदस्य को दूसरे वार्ड में स्थानांतरित कर दिया है। इसके अलावा एक होमगार्ड जवान और एक हेल्पर को उनकी ड्यूटी से हटाने की कार्रवाई शुरू की गई है।

यह कार्रवाई सर्जिकल वार्ड-सी में भर्ती मरीजों की शिकायतों के बाद की गई। रविवार को मरीज मोती सिंह और एक अन्य मरीज बाबू खान की पत्नी हसीना बानो ने आरोप लगाया कि रात में सोते समय चूहों ने उनके पैरों को काट लिया।

इस बीच, अस्पताल के गलियारों में एक कुत्ते के घूमने का वीडियो भी सामने आया, जिसके बाद सरकारी अस्पताल की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार ने बताया कि उन्होंने एक टीम के साथ सर्जिकल वार्ड-सी का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लेने के लिए मरीजों से बातचीत की।

उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद वार्ड प्रभारी तसनीम खातून और नर्सिंग स्टाफ के सदस्य रामकेश मीणा को वहां से हटाकर दूसरे वार्ड में तैनात कर दिया गया। परिहार ने बताया कि लापरवाही के आरोप में एक हेल्पर और एक होमगार्ड जवान को भी ड्यूटी से हटा दिया गया है।

अस्पताल प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए वार्ड के कई स्थानों पर चूहे मारने की दवा रखवाई है। रविवार देर रात तक एक टीम वार्ड की व्यवस्थाओं में सुधार करने में जुटी रही।

अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. आर. बिश्नोई ने कहा कि परिसर में नियमित रूप से कीट नियंत्रण अभियान चलाया जाता है और वार्डों में चूहों की मौजूदगी की पुष्टि होने पर इस अभियान को और तेज किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मरीजों के इलाज वाले क्षेत्रों में चूहों की मौजूदगी रोकने के लिए अस्पताल प्रशासन आवश्यक कदम उठा रहा है।

बिश्नोई ने मरीजों के साथ आने वाले तीमारदारों से भी साफ-सफाई बनाए रखने और खाने-पीने की वस्तुओं को खुला नहीं छोड़ने की अपील की, क्योंकि इससे अस्पताल परिसर की ओर चूहे आकर्षित हो सकते हैं।

चूहों
भारत को बांटने की साजिशों पर भागवत का प्रहार
सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News