

जयपुर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने कहा है कि भारत को बांटने और लोगों के बीच आपसी टकराव पैदा करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने इन प्रयासों का मुकाबला करने के लिए समाज से एकजुट रहने का आह्वान करते हुए यह भी कहा कि छोटी-छोटी पहचानों को बढ़ावा देकर अलगाववाद और विभाजन की भावना पैदा की जा रही है।
भागवत ने रविवार को जोधपुर के पास शिकारपुरा स्थित श्री राजाराम आश्रम में आरएसएस के चार दिवसीय वाद्य संगीत शिविर 'मरु निनाद 2026' के समापन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत का उत्थान पूरी दुनिया के कल्याण के लिए महत्वपूर्ण है, लेकिन कुछ ताकतें नहीं चाहतीं कि भारत मजबूत बने।
उन्होंने कहा, भारत सबकी आशाओं का उत्तर है, लेकिन दुनिया में स्थिति अजीब है। कुछ लोग अपने स्वार्थों के कारण भारत को मजबूत नहीं देखना चाहते। वे भारत के बिना रह भी नहीं सकते और भारत के साथ चल भी नहीं सकते। दोनों बातें एक साथ हो रही हैं।
भागवत ने भारतीय समाज में विभाजन पैदा करने के प्रयासों का आरोप लगाते हुए कहा, भारत जैसे-जैसे आगे बढ़ रहा है, उसे बांटने के प्रयास हो रहे हैं। लोगों को आपस में लड़ाने, छोटी-छोटी पहचानों को बड़ा करके दिखाने, अलगाववाद पैदा करने और टकराव कराने की कोशिशें की जा रही हैं।
आरएसएस प्रमुख ने कहा कि दुनिया भर में आसुरी शक्तियों की राजनीति के जरिये वही काम दोहराया जा रहा है, जो अंग्रेजों ने किया था। उन्होंने लोगों से अपनी साझा पहचान को याद रखने और एकजुट रहने का आह्वान करते हुए कहा, आज की स्थिति में हमें अपनी एकता को याद रखना होगा। हमें संगठित रहना होगा, ताकि हमारी शक्ति बनी रहे और धर्म की रक्षा हो सके।
भागवत ने मौजूदा परिस्थितियों को नाजुक बताते हुए कहा कि यदि लोग एकजुट होकर खड़े रहेंगे तो चुनौतियों का सामना कर सकेंगे। इससे समाज और देश मजबूत होंगे तथा मजबूत भारत पूरी दुनिया के कल्याण का माध्यम बनेगा।
विदेशी आक्रमणों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इतिहास में जब भी कोई विदेशी आक्रांता आया, भारतीयों ने एकजुट होकर उसका मुकाबला किया और उसे खदेड़ दिया। उन्होंने कहा, वे जानते थे कि जब तक भारत के लोग जागरूक और सजग रहेंगे, उन्हें हराया नहीं जा सकता। इसलिए उन्होंने लोगों की इस जागरूकता को खत्म करने का प्रयास किया।
भागवत ने कहा कि आक्रमणकारियों ने हमारी व्यवस्थाओं को नष्ट कर अपनी व्यवस्थाएं थोप दीं, उन्होंने हमारी शिक्षा व्यवस्था को भी बदल दिया और इसके परिणामस्वरूप जो लोग कभी समृद्ध थे, वे गरीब हो गए। आरएसएस प्रमुख ने नशे के विभिन्न रूपों के प्रति भी आगाह किया। उन्होंने कहा कि नशा केवल मादक पदार्थों तक सीमित नहीं है।
उन्होंने कहा कि इंस्टाग्राम और फेसबुक की भी लत लग सकती है, लोग तरह-तरह के काम करके प्रसिद्ध होते हैं और बाद में प्रसिद्धि के ही आदी हो जाते हैं। आरएसएस की संगीत परंपरा का उल्लेख करते हुए भागवत ने कहा कि संगीत केवल मनोरंजन का साधन नहीं है, बल्कि यह साहस और स्वाभिमान जगाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा, संगीत केवल सभाओं में ही आवश्यक नहीं है, बल्कि युद्ध के मैदान में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। हमारा अपना युद्ध संगीत होना चाहिए, क्योंकि संगीत स्वाभिमान की भावना जगाता है। भारत में युद्ध संगीत की लंबी परंपरा रही है और भगवद्गीता में भी शंखनाद का उल्लेख मिलता है।
भागवत ने कहा कि आरएसएस ने गीतों, वाद्ययंत्रों और बैंड की रचनाओं के माध्यम से अपनी संगीत परंपरा विकसित की है। संगठन के संगीतकार पेशेवर नहीं हैं, बल्कि उनकी प्रस्तुतियां भारतीय मूल्यों, अनुशासन और सामूहिक प्रयासों का प्रतिनिधित्व करती हैं।
उन्होंने कहा, संघ में कोई एकल प्रस्तुति नहीं होती। सभी लोग मिलकर वादन करते हैं और इस सामूहिक प्रस्तुति के माध्यम से उनके मन भी एक हो जाते हैं। एक स्थान पर एकत्र होना, साथ रहना और मिलकर कोई अच्छा काम करना ही संघ की कार्यपद्धति है।