

जयपुर : राज्यसभा सदस्य मदन राठौड़ को शनिवार को निर्विरोध भाजपा की राजस्थान इकाई का अध्यक्ष घोषित किया गया। राठौड़ पहले से ही पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे थे। पार्टी के चुनाव अधिकारी विजय रूपाणी ने यहां पार्टी कार्यालय में राठौड़ के निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की।
रूपाणी ने कहा, कल पांच अलग-अलग प्रस्ताव प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए मिले। हमारे मुख्यमंत्री से लेकर पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने जो प्रस्ताव रखे उनमें एक ही नाम था। उन नामांकन पत्रों की जांच और केंद्र में हमारे वरिष्ठ नेताओं से बातचीत के बाद अब फैसला हो गया है और मैं घोषणा करता हूं कि मदन राठौड़ हमारे प्रदेश अध्यक्ष बनेंगे।
रूपाणी ने राठौड़ को निवार्चन प्रमाणपत्र भी सौंपा। इसके साथ ही उन्होंने राजस्थान से पार्टी की राष्ट्रीय परिषद के 25 सदस्यों के नाम भी घोषित किए। ये सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष की चुनाव प्रक्रिया में शामिल होंगे। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी व प्रेमचंद बैरवा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ अरुण चतुर्वेदी, अशोक परनामी, डॉ सतीश पूनिया व सीपी जोशी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, ओंकार सिंह लखावत, नारायण पंचारिया, सीआर चौधरी, अलका गुर्जर, अनीता भदेल, अजय पाल सिंह, निर्मल कुमावत, प्रसनजीत मेहता, मदन दिलावर, जोगाराम पटेल, अनीता गुर्जर, प्रभु लाल सैनी, रमेश यादव, जसवंत सिंह गुर्जर, रामकिशोर मीणा, प्रताप लाल और ओमप्रकाश शामिल हैं।
रूपाणी ने बैठक में कहा, पूरे देश में कमल खिल चुका है। इसका कारण हमारा संगठन है। इन्ही कार्यकर्ताओं की बदौलत देश ही नहीं, भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। भाजपा ही ऐसी राजनीतिक पार्टी है जहां वंशवाद या परिवारवाद नहीं चलता। पार्टी के बयान के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा, संगठन और सरकार एक दूसरे के पूरक हैं। संगठन और सरकार जब कार्य करती है तो जनसेवा होती है।