

जयपुर : जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक घर में चल रही पटाखा फैक्टरी में अचानक आग लग गई। आग लगने के बाद तेज धमाके भी हुए जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस, सिविल डिफेंस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। कई घंटों तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा।
जानकारी के अनुसार जिस मकान में आग लगी वहां घर के अंदर पटाखे बनाने का काम किया जा रहा था। अचानक आग भड़कने से वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए। आग तेजी से फैलने के कारण कई लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि हादसे में कई लोग झुलसे हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत बेहद गंभीर है। प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। साथ ही, यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्टरी नियमों के अनुसार चलाई जा रही थी या नहीं ?
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती जानकारी में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि फैक्ट्री रिहायशी इलाके में चल रही थी। लोग अब भी इस बात से सहमे हुए हैं कि घर के अंदर चल रही फैक्टरी इतनी बड़ी दुर्घटना का कारण बन गई।