

जयपुर : जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में अवैध पटाखे रखने के कथित गोदाम में धमाके और भीषण आग लगने की घटना के एक दिन बाद बुधवार को पुलिस की छापेमारी में एक और अवैध पटाखा फैक्टरी का पता लगा।
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि मंगलवार की घटना के बाद इलाके में अभियान चलाया गया और पुलिस को उस इलाके में पटाखे बनाने का एक और अवैध कारखाना मिला।उन्होंने कहा, इसे सील कर दिया गया है और वहां मिला सामान भी जब्त कर लिया गया है।
खोह नागोरियान इलाके में अवैध पटाखे रखने के लिए उपयोग किए जा रहे एक मकान में धमाके के बाद लगी आग में आठ लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की है। शर्मा ने कहा कि पुलिस उस मकान के मालिक और उसे किराए पर लेने वाले व्यक्ति की तलाश कर रही है।
उन्होंने बताया कि पटाखा बनाने की अवैध इकाई चलाने वाले व्यक्ति की तलाश में पुलिस की टीमें दिल्ली और उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद भेजी गई हैं। हालांकि, उन्होंने संदिग्ध की पहचान नहीं बताई।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। कुछ मामलों में पहचान पक्की करने के लिए DNA जांच की गई क्योंकि शव बुरी तरह जल गए थे। उनकी पहचान करना मुश्किल था। शर्मा ने कहा कि जिस गोदाम में धमाका हुआ वह घनी आबादी वाले इलाके में था।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह अवैध कारखाना स्थानीय थाने से बमुश्किल एक किलोमीटर दूर चल रहा था। इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शर्मा ने कहा कि विभागीय जांच शुरू की गई है। अगर किसी भी कार्मिक की लापरवाही पाई गई तो कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ऐसे अवैध कारखानों की पहचान करने के लिए इलाके में विस्तृत सर्वे किया जा रहा है और ऐसे कारखाने चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।