CM भजनलाल शर्मा ने राजस्थान के विकास में प्रवासी राजस्थानियों की अहमियत पर जोर दिया

कहा- राजस्थानी अपनी जड़ों और विरासत से जुड़े रहने के लिए साल में कम से कम दो बार अपने परिवार के साथ स्वदेश जरूर आएं
जयपुर में पहले ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM भजनलाल शर्मा
जयपुर में पहले ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए CM भजनलाल शर्मा
Published on: 

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को राज्य की वृद्धि व विकास को मजबूत करने में प्रवासी राजस्थानी समुदाय की अहमियत पर जोर दिया। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों का आह्वान किया कि वे अपनी जड़ों और विरासत से जुड़े रहने के लिए साल में कम से कम दो बार अपने परिवार के साथ स्वदेश जरूर आएं।

शर्मा यहां आयोजित पहले ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने अपनी सरकार के पहले दो साल के कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और कहा कि इस दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में खासकर पानी की दिक्कत को दूर करने की दिशा में काफी प्रगति हुई है।

उन्होंने कहा कि बीते दो साल में राज्य में अपराध की दर में लगभग 20 प्रतिशत की कमी आई है। पूरे राज्य में पानी की दिक्कत को दूर करने तथा ‘हरित क्षेत्र’ बढ़ाने के लिए काफी प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष जब हमने यह मुद्दा उठाया तो उन्होंने आश्वस्त किया कि राजस्थान में पानी की किसी भी प्रकार की समस्या नहीं होगी। 26 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली रामजल सेतु लिंक परियोजना पर काम शुरू किया गया है। पूरे राज्य में पानी से जुड़े अन्य काम भी जारी हैं।

शर्मा ने कहा कि 22 जिलों में किसानों को अब दिन में बिजली मिल रही है। हमने किसान समुदाय की मदद के लिए कई कदम उठाए हैं। पिछले दो साल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है, इसका विश्वास हमने युवाओं को दिलाया था।

उन्होंने कहा कि राज्य ने 92 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां दी हैं और 1.56 लाख पदों पर भर्तियां होनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में औद्योगिक क्षेत्र में अच्छा काम हुआ है और दो साल में आठ लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाएं शुरू हो गई हैं।

उन्होंने कहा, गत 2 साल में राजस्थान ने तीव्र औद्योगिक विकास के दौर में कदम रखा है। जहां निवेश के लिए वादे व समझौते तेजी से धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान में पर्यटन व खान सहित हर क्षेत्र में बहुत अधिक संभावना है। उन्होंने राजस्थान के प्रवासी समुदाय से अलग-अलग क्षेत्र में निवेश करने की अपील की है।

शर्मा ने कहा कि राज्य में कानून और व्यवस्था की स्थिति में सुधार हुआ है और बीते दो साल में कुल अपराध में 20 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उन्होंने दावा किया, पिछले 2 साल में महिलाओं के खिलाफ अपराध में 10 प्रतिशत की कमी आई है।

शर्मा ने कहा कि पिछले दो साल में 20 करोड़ पौधारोपण किया गया है। हर पंचायत में नर्सरी बनाने का काम भी जारी है।

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने भी कार्यक्रम में विचार रखे। कार्यक्रम में वेदांता के संस्थापक अनिल अग्रवाल सहित कई प्रमुख उद्योगपति शामिल हुए।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in