राजस्थान को हरित प्रदेश बनाने की मुहिम तेज, 10 करोड़ पौधारोपण का लक्ष्य

मुख्यमंत्री शर्मा ने ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व अन्य
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व अन्य
Published on

जयपुर : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को यहां ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ पर्यावरण और हरित विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

शर्मा ने यहां झालाना के विश्व वानिकी वृक्ष उद्यान में बरगद का पौधा रोपकर ‘हरियालो राजस्थान’ और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने विश्व पर्यावरण दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए आम लोगों से बारिश के मौसम में अधिक से अधिक पौधे लगाकर मिशन 'हरियालो राजस्थान' में भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने कहा ‘पर्यावरण संरक्षण की दिशा में राज्य में 'वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान' एवं 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत बड़े पैमाने पर काम किए जा रहे हैं। हम सभी को राजस्थान को पर्यावरण की दृष्टि से श्रेष्ठ बनाना है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और हरित विकास के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने आह्वान किया कि प्रकृति संरक्षण, जल संवर्धन, वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संतुलन के प्रति आमजन भी अपनी जिम्मेदारियों का समर्पण भाव से निर्वहन करें और नई पीढ़ी को सुरक्षित भविष्य दें।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 2026-27 के राज्य बजट में राजस्थान को हरित प्रदेश के रूप में विकसित करने की दृष्टि से 10 करोड़ पौधे लगाने एवं संरक्षण का लक्ष्य रखा गया है।

इस दौरान संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, वन राज्यमंत्री संजय शर्मा और सांसद मंजू शर्मा भी मौजूद थीं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in