

राजस्थान राज्य में अरावली श्रेणी की घाटी में अजमेर नगर से पाँच मील पश्चिम अजमेर जिले का एक नगर तथा स्थानीय मंडी है। इसके निकटवर्ती क्षेत्र में ज्वार, बाजरा, मक्का, गेहूँ तथा गन्ने की उपज होती है। कलापूर्ण कुटीर-वस्त्र-उद्योग, काष्ठ चित्रकला, तथा पशुओं के व्यापार के लिए यह विख्यात है। यहाँ पवित्र पुष्कर झील है तथा समीप में ब्रह्मा जी का पवित्र मंदिर है, जिससे प्रति वर्ष अनेक तीर्थयात्री यहाँ आते हैं। अक्टूबर, नवंबर के महीनों में यहाँ एक विशेष धार्मिक एवं व्यापारिक महत्व का मेला लगता है। इसका धार्मिक महत्व अधिक है। यह सागरतल से 2389 फुट की ऊँचाई पर स्थित है। यहाँ कई प्रसिद्ध मंदिर हैं, जो औरंगजेब द्वारा ध्वस्त करने के बाद पुनः निर्मित किए गए हैं। पुष्कर में पाण्डवों के अज्ञात वास के समय पाण्डवों द्वारा निर्मित पाँच कुण्ड भी है जो कि नगर से पुर्व की ओर नाग पहाड पर स्थित है यह पहाड करीब 11 किमी. लम्बाई में है।
यह पहाड़ अनेक ऋषि-मुनियों की तप:स्थली रहा है। महर्षि अगस्त्य एवं वाम देव की गुफा भी है इसी नाग पहाड़ पर राजा भर्तहरि की तप स्थली भी है , यह पर्वत नगर के पूर्व से दक्षिण में स्थित है जो कि अनेक जड़ी बूटियों से युक्त बताया जाता है। इस पहाड़ के ऊपर से एक तरफ अजमेर तो दूसरी तरफ पुष्कर का मनोरम दृश्य देखा जा सकता है। वर्ष में एक बार इसी पहाड़ पर लक्ष्मी पोळ नामक स्थान पर हरियाली अमावस के दिन भारी मेला लगता है।
पुष्कर के उद्भव का वर्णन पद्मपुराण में मिलता है। कहा जाता है, ब्रह्मा जी ने यहाँ आकर यज्ञ किया था। हिंदुओं के प्रमुख तीर्थस्थानों में पुष्कर ही एक ऐसी जगह है जहाँ ब्रह्माजी का मंदिर स्थापित है। ब्रह्मा जी के मंदिर के अतिरिक्त यहाँ देवी गायत्री, देवी सावित्री, श्री बदरीनारायण जी, वाराह जी और शिव जी आत्मेश्वर के मंदिर हैं, किंतु वे आधुनिक हैं। यहाँ के प्राचीन मंदिरों को मुगल आततायी तानाशाह औरंगजेब ने नष्टभ्रष्ट कर दिया था। पुष्कर झील के तट पर जगह-जगह पक्के घाट बने हैं जो राजपूताना के देशी राज्यों के धनीमानी व्यक्तियों द्वारा बनाए गए हैं।
पुष्कर का ब्रह्माजी मन्दिर
पुष्कर को तीर्थों का मुख माना जाता है। जिस प्रकार प्रयाग को ’तीर्थराज’ कहा जाता है, उसी प्रकार से इस तीर्थ को ’पुष्करराज’ कहा जाता है। पुष्कर की गणना पंचतीर्थों व पंच सरोवरों में की जाती है। पुष्कर सरोवर तीन हैं -ज्येष्ठ (प्रधान) पुष्कर, मध्य (बूढ़ा) पुष्कर, कनिष्क पुष्कर।
ज्येष्ठ पुष्कर के देवता ब्रह्माजी, मध्य पुष्कर के देवता भगवान विष्णु और कनिष्क पुष्कर के देवता रुद्र हैं। पुष्कर का मुख्य मन्दिर ब्रह्माजी का मन्दिर है। जो कि पुष्कर सरोवर से थोड़ी ही दूरी पर स्थित है। मन्दिर में चतुर्मुख ब्रह्मा जी की दाहिनी ओर देवी सावित्री एवं बायीं ओर देवी गायत्री का मन्दिर है। पास में ही एक और सनकादि की मूर्तियाँ हैं, तो एक छोटे से मन्दिर में नारद जी की मूर्ति। एक मन्दिर में हाथी पर बैठे कुबेर जी तथा नारद जी की मूर्तियाँ हैं।
ब्रह्मवैवर्त्त पुराण में उल्लिखित है कि अपने मानस पुत्र नारद द्वारा सृष्टिकर्म करने से इन्कार किए जाने पर ब्रह्मा ने उन्हें रोषपूर्वक शाप दे दिया कि-’तुमने मेरी आज्ञा की अवहेलना की है, अतः मेरे शाप से तुम्हारा ज्ञान नष्ट हो जाएगा और तुम गन्धर्व योनि को प्राप्त करके कामिनियों के वशीभूत हो जाओगे।’ तब नारद ने भी दुःखी मन से पिता ब्रह्मा को शाप दिया-’तात ! आपने बिना किसी कारण के सोचे - विचारे मुझे शाप दिया है। अतः मैं भी आपको शाप देता हूँ कि तीन कल्पों तक लोक में आपकी पूजा नहीं होगी और आपके मंत्र, श्लोक कवच आदि का लोप हो जाएगा।’ तभी से ब्रह्मा जी की पूजा नहीं होती है। मात्र पुष्कर क्षेत्र में ही वर्ष में एक बार उनकी पूजा-अर्चना होती है।
पूरे भारत में केवल एक यही ब्रह्मा जी का मन्दिर है। इस मन्दिर का निर्माण ग्वालियर के महाजन गोकुल प्राक् ने करवाया था। ब्रह्माजी मन्दिर की लाट लाल रंग की है तथा इसमें ब्रह्मा जी के वाहन हंस की आकृतियाँ हैं। चतुर्मुखी ब्रह्मा, देवी गायत्री तथा देवी सावित्री यहाँ मूर्तिरूप में विद्यमान हैं। हिन्दुओं के लिए पुष्कर एक पवित्र तीर्थ व महान पवित्र स्थल है।
धार्मिक आस्था, राजस्थान की समृद्ध लोक संस्कृति और ग्रामीण जीवन के जीवंत रंगों से सराबोर पुष्कर मेला-2026 आगामी 17 से 24 नवंबर तक आयोजित होगा। इस बार मेला परंपरागत धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पर्यटन के नए और सहभागी अनुभवों का भी साक्षी बनेगा। विदेशी पर्यटक जहां स्थानीय प्रतिभागियों के साथ राजस्थान के पारंपरिक ग्रामीण खेलों में भाग लेते नजर आएंगे, वहीं शिल्पग्राम में आयोजित होने वाला फूड एंड क्राफ्ट फेस्टिवल प्रदेश के हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय कला का आकर्षण प्रस्तुत करेगा। इस वर्ष मेले में ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं, ऊंट एवं घोड़ा नृत्य, लोक संगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और शिल्पग्राम की गतिविधियां विशेष आकर्षण रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य पुष्कर की पारंपरिक पहचान को कायम रखते हुए देशी-विदेशी पर्यटकों को राजस्थान की संस्कृति, खानपान और ग्रामीण जीवन से जुड़ने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से पुष्कर की पर्यटन महत्ता को मिल रही पहचान।
पुष्कर धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर भी अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उपलब्ध पर्यटन आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2023 में पुष्कर में 59,951 विदेशी और 76.42 लाख घरेलू पर्यटकों का आगमन हुआ। वर्ष 2024 में यह संख्या बढ़कर 74,726 विदेशी और 1.24 करोड़ घरेलू पर्यटकों तक पहुंच गई। वर्ष 2025 में 68,327 विदेशी पर्यटकों के साथ 1.32 करोड़ से अधिक घरेलू पर्यटकों ने पुष्कर का भ्रमण किया। वहीं, वर्ष 2026 में अगस्त तक 31,459 विदेशी और 70.88 लाख से अधिक घरेलू पर्यटकों का आगमन दर्ज किया गया है।
पुष्कर मेले में इस बार राजस्थान के पारंपरिक ग्रामीण खेलों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन अनुभव से जोड़ने की पहल की गई है। लगड़ी टांग, सतोलिया और गिल्ली-डंडा जैसी प्रतियोगिताओं में स्थानीय प्रतिभागियों के साथ विदेशी पर्यटकों की भागीदारी प्रस्तावित है। फुटबॉल मुकाबले में भी स्थानीय प्रतिभागियों और विदेशी पर्यटकों के बीच प्रतिस्पर्धा होगी। इसके अतिरिक्त रस्साकशी, कबड्डी, वॉलीबॉल और अंतर पंचायत समिति ग्रामीण खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ऊंट दौड़, ऊंट नृत्य और घोड़ा नृत्य के साथ साफा बांधने, मूंछ प्रतियोगिता, महिलाओं की मटका दौड़ और म्यूजिकल चेयर जैसे आयोजन मेले के उत्सवी माहौल को और जीवंत बनाएंगे।
जानकारी के अनुसार पुष्कर मेले की आध्यात्मिक पहचान को भी विशेष महत्व दिया जाएगा। पुष्कर सरोवर के घाटों पर महाआरती, दीपदान और अन्य धार्मिक गतिविधियां आयोजित होंगी। प्रतिदिन होने वाली महाआरती श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए प्रमुख आकर्षण रहेगी। वहीं, राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों के लोक कलाकार संगीत और पारंपरिक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सांस्कृतिक विविधता के रंग बिखेरेंगे। 17 नवंबर को उद्घाटन दिवस से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। 24 नवंबर को मेगा सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताओं के पुरस्कार वितरण और समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।
पुष्कर मेले की विशिष्टता धार्मिक आस्था, लोक परंपराओं और ग्रामीण जीवन के सहज स्वरूप में निहित है। बदलते समय के अनुरूप नए पर्यटन अनुभवों को शामिल करने से इसकी अंतरराष्ट्रीय पहचान और व्यापक होगी। पुष्कर मेला राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने के साथ स्थानीय कला, शिल्प, खानपान और प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। (युवराज)रामस्वरूप रावतसरे