हुगली सड़क टनल निर्माण में अदाणी ग्रुप ने दिखाई रुचि

शहर को जोड़ने प्रभावी माध्यम बन सकती टनल

हुगली सड़क टनल निर्माण में अदाणी ग्रुप ने दिखाई रुचि
Published on

केडी पार्थ, सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में निवेश बढ़ाने की तैयारी कर रहे अदाणी ग्रुप ने हुगली नदी के नीचे सड़क टनल (सुरंग) निर्माण में गहरी रुचि दिखाई है। समूह का मानना है कि यह परियोजना कोलकाता की यातायात समस्या कम करने, हाईवे कनेक्टिविटी बेहतर बनाने और माल परिवहन को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

कोलकाता में बढ़ रहा ट्रैफिक दबाव

इसके साथ ही ग्रुप बिजली, बंदरगाह और अन्य बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में भी अवसर तलाश रहा है। अदाणी ग्रुप के एक अधिकारी ने कहा कि कोलकाता में ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में हुगली नदी के नीचे सड़क टनल शहर को हाईवे नेटवर्क से जोड़ने और लॉजिस्टिक्स को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम बन सकती है। उन्होंने कहा कि बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स समूह की प्रमुख विशेषज्ञता हैं। अधिकारी के अनुसार, बिजली उत्पादन और वितरण क्षेत्र में भी पर्याप्त संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि समान अवसर मिलने पर समूह बिजली वितरण कारोबार में प्रवेश पर विचार कर सकता है।

डीप-सी पोर्ट और डेटा सेंटर योजना

अदाणी ग्रुप राज्य में डीप-सी पोर्ट परियोजना की संभावनाओं का भी अध्ययन कर रहा है। साथ ही कोलकाता में हाइपरस्केल डेटा सेंटर स्थापित करने की योजना पर काम चल रहा है। समूह पहले से श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट में कंटेनर सुविधा के संचालन से जुड़ा हुआ है। 22 जून को पेश होने वाले नई भाजपा सरकार के पहले बजट से निवेश और औद्योगिक विकास के लिए स्पष्ट रोडमैप मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in