सड़क दुर्घटना में महिला आईटी कर्मी की हुई मौत

सॉल्टलेक सेक्टर 5 की घटना
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

विधाननगर : विधाननगर इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स थानांतर्गत सॉल्टलेक सेक्टर 5 में बस की टक्कर से बाइक सवार युवती की मौत हो गयी। मृतका का नाम किरन मिश्रा है। वह केष्टोपुर की रहनेवाली थी। वह पेशे से आईटी कर्मी थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, किरण अपने प्रेमी के साथ केष्टोपुर के एक किराए के मकान में रहती थीं। दोनों का कार्यालय पास-पास ही था और रोजाना उनका प्रेमी उन्हें ऑफिस छोड़ने जाता था। हालांकि, घटना वाले दिन प्रेमी के देर से उठने के कारण किरण ने ऐप के जरिए बाइक बुक कर ऑफिस जाने का निर्णय लिया। इसी दौरान आरएस सॉफ्टवेयर मोड़ पर पीछे से करुणामयी-घाटाल रूट की एक सरकारी बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के कारण किरण बाइक से गिर गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत विधाननगर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, उनके शरीर में गंभीर आंतरिक चोटें आई थींघटना के बाद इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स थाने की पुलिस ने बस और उसके चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों और ऑफिस जाने वाले कर्मचारियों का आरोप है कि सॉल्टलेक क्षेत्र में बसों की तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। खासकर ऑफिस समय के दौरान बसें सामान्य से अधिक गति में चलती हैं, जिससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद पुलिस प्रशासन की ओर से ठोस कदम नहीं उठाए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।


logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in