

सन्मार्ग संवाददाताकोलकाता : राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर ने महिला शिकायतकर्ताओं के मामलों में पुलिस की निष्क्रियता पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा की अनदेखी करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर गुरुवार को कोलकाता पहुंचीं रहाटकर ने कहा कि आयोग के समक्ष ऐसे कई मामले आए हैं, जिनमें महिलाओं ने स्थानीय पुलिस के सहयोग न मिलने की शिकायत की है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से बातचीत की गई है और साफ संदेश दिया गया है कि महिलाओं से जुड़े मामलों में लापरवाही अब किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा, ‘पुलिस को महिलाओं की शिकायतों पर संवेदनशीलता और सक्रियता के साथ काम करना होगा। आज मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भी इन मामलों का संज्ञान लिया है और भरोसा दिलाया है कि महिलाओं के साथ सहयोग न करने वाले कर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। जो लोग महिलाओं के सम्मान और गरिमा की रक्षा के लिए आगे नहीं आएंगे, उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।’ कोलकाता की पीड़ित महिलाओं के लिए आयोजित 'महिला जनसुनवाई' कार्यक्रम में रहाटकर ने आयोग के पास पहले से दर्ज 31 मामलों की सुनवाई की। इसके अलावा 14 अन्य महिलाओं ने भी सीधे उपस्थित होकर अपनी शिकायतें उनके सामने रखीं। इस दौरान उन्होंने पश्चिम बंगाल में राज्य महिला आयोग के गठन की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने बताया कि राज्य महिला आयोग का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हो चुका है और फिलहाल राज्य में कोई कार्यरत महिला आयोग नहीं है। रहाटकर ने कहा, ‘मुख्यमंत्री से मेरी मुलाकात हुई है और मैंने राज्य में जल्द से जल्द महिला आयोग के गठन की सिफारिश की है। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द नए महिला आयोग का गठन किया जाएगा। मुझे उम्मीद है कि पश्चिम बंगाल को शीघ्र ही अपना महिला आयोग मिलेगा।’