

दक्षिण 24 परगना : एकाधिक आग्नेयास्त्र और कारतूस बरामद होने के मामले में मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के एकतारा इलाके की तृणमूल कांग्रेस की महिला प्रधान के पति संजीव मंडल को उस्ती थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसी मामले में उनके सहयोगी आरिफ हुसैन मोल्ला उर्फ रिपन को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्या के प्रयास, हथियार दिखाकर जबरन वसूली तथा स्थानीय लोगों को परेशान करने जैसी शिकायतों की जांच के दौरान दोनों के नाम सामने आए हैं। 6 सितंबर को उस्ती थाने में एक शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में इलाके में एक गिरोह बनाकर हथियारों के बल पर डराने-धमकाने, घरों पर हमला व तोड़फोड़ तथा स्थानीय लोगों को परेशान करने के आरोप सामने आए। इसी जांच के आधार पर दो दिन पहले आरिफ हुसैन मोल्ला उर्फ रिपन को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद रविवार शाम संजीव मंडल को गिरफ्तार किया गया। डायमंड हार्बर जिले के पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से 7 एमएम का आग्नेयास्त्र, मैगजीन और कई कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, एक वन-शटर भी बरामद हुआ है। बरामद हथियारों और कारतूसों के स्रोत तथा इनका किसी अपराध में इस्तेमाल हुआ था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, 2025 में पद्मपुर इलाके में हुई हत्या के प्रयास की एक घटना में भी गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। इसके अलावा, भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा की गाड़ी पर हुए हमले के मामले में भी गिरफ्तार आरोपियों के प्रारंभिक तौर पर जुड़े होने के संकेत मिले हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उस मामले की जांच भी दोबारा सक्रिय की गई है। हालांकि, यह मामला अभी जांच के अधीन है। इधर, संजीव मंडल की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों के एक वर्ग ने खुशी जताई। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की ओर से माइक के जरिए प्रचार किया गया तथा मिठाइयां भी बांटी गईं।