टैक्सी में चाकू की नोक पर युवती को लूटा

शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की घटना, बाबूघाट इलाके से दो कैब ड्राइवर गिरफ्तार
इसी कार के ड्राइवर ने कीथी लूट
इसी कार के ड्राइवर ने कीथी लूट
Published on

कोलकाता : महानगर में एक महिला यात्री को चलती टैक्सी में चाकू की नोक पर बंधक बनाकर उसके पास से लाखों के सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और नकद रुपये लूट लिये गये। घटना शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की है। लालबाजार के एंटी रॉबरी स्क्वाड और शेक्सपियर सरणी थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर मामले में दो ऐप कैब ड्राइवरों को गिरफ्तार किया है। दोनों को बाबूघाट इलाके से पकड़ा गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान पप्पू यादव और बिहारी यादव के रूप में हुई है। दोनों आपस में सगे भाई हैं। पुलिस के अनुसार अभियुक्तों की निशानदेही पर बाबूघाट में छिपाकर रखी गयी उनकी टैक्सी से लूटी गयी सोने की चेन, मोबाइल और नकद रुपये बरामद किये गये हैं।

क्या है मामला

जानकारी के मुताबिक, 16 अप्रैल की रात कॉलेज स्ट्रीट की रहने वाली एक युवती शेक्सपियर सरणी इलाके के एक पब में गई थी। देर रात जब वह लौट रही थी, तब उसने घर जाने के लिए कैब बुक की। बिहारी यादव नाम का ऐप कैब ड्राइवर उसे लेने पहुंचा। आरोप है कि कुछ दूर जाने के बाद ड्राइवर ने बहाना बनाया कि वह आगे नहीं जा सकता और उसने महिला को अपने भाई पप्पू यादव की कैब में शिफ्ट कर दिया। महिला को इस बात का भान नहीं था कि वह किसी गहरी साजिश का हिस्सा बन रही है।

सुनसान इलाके में दिया वारदात को अंजाम

महिला का आरोप है कि दूसरी गाड़ी में बैठने के बाद उसे गलत रास्ते से ले जाया गया। कुछ दूर जाने के बाद गाड़ी को एक सुनसान जगह पर खड़ा कर दिया गया, जहां पहले वाला कैब ड्राइवर बिहारी भी पहुंच गया। इसके बाद दोनों आरोपितों ने महिला की गर्दन पर धारदार हथियार (चाकू) रख दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोपितों ने महिला के पास मौजूद नकदी, मोबाइल और सोने की चेन छीन ली। लूटपाट के बाद आरोपितों ने युवती को कॉलेज स्ट्रीट स्थित उसके घर के कुछ दूर पहले गाड़ी से उतार दिया।

पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल

अगले दिन युवती ने शेक्सपियर सरणी थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपितों की पहचान सुनिश्चित की। जांच के दौरान लालबाजार के डीडी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात बाबूघाट इलाके से दोनों भाइयों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों वहां पर गांजा पीने के लिए पहुंचे थे।

और भी अपराधों की संभावना

गिरफ्तार किए गए पप्पू और बिहारी यादव इंटाली और टेंगरा इलाके के निवासी हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि वे मुख्य रूप से रात के समय कैब चलाने का काम करते हैं। शनिवार को अभियुक्तों को अदालत में पेश करने पर उन्हें 27 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अब दोनों आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि उन्होंने शहर में इस तरह की और कितनी आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिया है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in