कसबा में फिल्म डायरेक्टर का ‘अपहरण’! दो गिरफ्तार

गिरफ्तार व्यापारियों ने डायरेक्टर पर लगाया 88 लाख की ठगी का आरोप
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : टॉलीवुड के एक स्व-घोषित फिल्म निर्देशक के अपहरण के आरोप में दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना कसबा थाना इलाके की है। हालांकि, गिरफ्तार दोनों व्यापारियों ने पुलिस के सामने पलटवार करते हुए आरोप लगाया है कि उक्त निर्देशक ने उनके पास से सिनेमा बनाने के नाम पर 88 लाख रुपये हड़प लिये हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के नाम अजय पाल और आकाश गुप्ता हैं। पिछले साल इन दोनों की मुलाकात शिकायतकर्ता व्यक्ति से हुई थी, जिसने खुद को टॉलीवुड का फिल्म निर्देशक बताया था। उसने दावा किया कि वह एक बंगाली फिल्म का निर्देशन करने जा रहा है और इसमें निवेश करने वालों को भारी मुनाफा होगा।

इस विश्वास पर दोनों व्यापारियों ने फिल्म निर्माण के लिए आरोपित निर्देशक को कई किस्तों में कुल 88 लाख रुपये दे दिये लेकिन लगभग एक साल बीत जाने के बावजूद फिल्म का निर्माण शुरू नहीं हुआ। जब व्यापारियों ने अपना पैसा वापस मांगा तो निर्देशक ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद व्यापारियों ने कथित रूप से निर्देशक को जबरन गाड़ी में बिठाकर अपहरण किया। निर्देशक की शिकायत के अनुसार, कसबा इलाके की सड़क से उन्हें गाड़ी में उठाया गया, उनके साथ मारपीट की गई और धमकियां दी गईं। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। छूटने के तुरंत बाद निर्देशक ने कसबा थाने में अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने अपहरण के आरोप में दोनों व्यापारियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरी घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in