14 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार,

एसटीएफ और नॉर्थ पोर्ट पुलिस की बड़ी कार्रवाई
ganja seized from accused ay cahmpatala ghat
ganja seized from accused ay cahmpatala ghat
Published on

कोलकाता: महानगर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और नॉर्थ पोर्ट थाना पुलिस की संयुक्त टीम को रविवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। अभियुक्तों की पहचान पापाई दास और गौतम बेरा के रूप में हुई है। इनके पास से कुल 14.660 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 7.25 लाख रुपये बताई जा रही है।

चम्पातला घाट के पास बिछाया गया जाल

पुलिस सूत्रों के अनुसार, एसटीएफ को पुख्ता जानकारी मिली थी कि स्ट्रैंड बैंक रोड के रास्ते मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप शहर में प्रवेश करने वाली है। सूचना मिलते ही नॉर्थ पोर्ट थाना पुलिस के साथ मिलकर एक विशेष टीम का गठन किया गया और चम्पातला घाट के पास स्ट्रैंड बैंक रोड के पश्चिमी हिस्से में नाकेबंदी की गई। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध स्कूटी (WB 24 BB 2822) को रुकने का इशारा किया।

तलाशी में बरामद हुई खेप

पुलिस टीम ने जब स्कूटी की सघन तलाशी ली, तो उसमें से 14 किलो से अधिक गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से न केवल मादक पदार्थ जब्त किए, बल्कि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी को भी सीज कर लिया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में से एक सप्लायर और दूसरा रिसीवर बताया जा रहा है।

पूछताछ में जुटे अधिकारी

पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप कहाँ से लाई गई थी और कोलकाता में इसे किन-किन ठिकानों पर सप्लाई किया जाना था। अधिकारियों का मानना है कि इन दोनों से पूछताछ के बाद शहर में सक्रिय मादक पदार्थों के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। दोनों को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in