

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के विधायक दिलीप मंडल के एक वीडियो को लेकर विवाद गहराने के बाद गुरुवार की सुबह डायमंड हार्बर पुलिस जिले की टीम ने केंद्रीय बलों के साथ उनके पैलान स्थित आवास पर तलाशी अभियान चलाया। मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, विवादित वीडियो सामने आने के बाद जांच शुरू की गई थी। उसी सिलसिले में गुरुवार की सुबह पुलिस और केंद्रीय बल विधायक के घर पहुंचे। हालांकि, तलाशी के दौरान दिलीप मंडल घर पर नहीं मिले। पैलान स्थित विधायक का आलीशान मकान और बागानबाड़ी (फार्महाउस) तलाशी के दौरान चर्चा का विषय बन गया। विशाल लोहे का गेट पार करते ही लंबा-चौड़ा लॉन दिखाई देता है। परिसर में बुद्ध की मूर्तियों के साथ बाघ और मोर की आकर्षक प्रतिमाएं भी लगी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक, पैलान में दिलीप मंडल के दो मकान हैं और पुलिस ने दोनों परिसरों में तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस अधिकारियों को परिसर में बना बड़ा और अत्याधुनिक स्विमिंग पूल भी देखने को मिला। अभियान में राज्य पुलिस के साथ रैफ और केंद्रीय बल के जवान भी शामिल रहे। इस दौरान विष्णुपुर थाने के आईसी समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद थे।