

तिलजला रोड पर कार खराब होने पर भाग निकला चालक
दीपक,सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में एक ऐप कैब ड्राइवर को कथित तौर पर चाकू दिखाकर लूटने और उसे रातभर बंधक बनाकर घुमाने का मामला सामने आया है। करया थाने की पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्तों के नाम राहुल सरदार (22), मो.तबरेज (21) और तौसिफ अली (26) हैं। तीनों नारायणपुर थाना इलाके के रहनेवाले हैं।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात ऐप कैब में बारासात इलाके की एक बुकिंग आई थी। चालक बुकिंग लेकर बताए गए स्थान पर पहुंचा, जहां ग्राहक बनकर तीन युवक उसकी गाड़ी में सवार हो गए। कुछ दूर जाने के बाद आरोप है कि तीनों ने चालक को धमकाना शुरू कर दिया और चाकू दिखाकर उसे गाड़ी से उतरने को कहा। इसके बाद आरोपियों ने चालक को अपने कब्जे में ले लिया और उसके साथ ही पूरी रात शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमते रहे।
गहने और नकदी लूटी, घर से पैसे मंगाने को कहा
आरोपियों ने ड्राइवर के पास मौजूद सोने की चेन, अंगूठी और नकदी कथित तौर पर छीन ली। इसके बाद उन्होंने चालक को अपने घर फोन करने और परिजनों से और पैसे मंगवाने के लिए कहा। आरोपियों ने कथित तौर पर चालक से कहा कि उसके घरवाले पैसे लेकर आएंगे। इस दौरान चालक को लगातार उनके कब्जे में रखा गया।
तिलजला रोड पर कार खराब, मौका मिलते ही भागा
रातभर घूमने के बाद आरोपी चालक को लेकर तिलजला रोड की ओर पहुंचे। इसी दौरान गाड़ी खराब हो गई। चालक ने मदद के बहाने मौका तलाशा और आरोपियों की नजर से बचकर वहां से भाग निकला। इसके बाद पीड़ित चालक सीधे थाने पहुंचा और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद करया थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी सुराग और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की और बाद में तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात में इस्तेमाल हथियार कहां से आया और क्या वे इससे पहले भी इसी तरह की किसी वारदात में शामिल रहे हैं।