पश्चिम बंगाल में अब तक हजारों श्रद्धालुओं ने किए मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पावन अंशों के दर्शन

श्री श्री अकादमी, चेतला में उमड़े 1,000 भक्त
पश्चिम बंगाल में अब तक हजारों श्रद्धालुओं ने किए मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पावन अंशों के दर्शन
Published on: 

पश्चिम बंगाल में अब तक हजारों श्रद्धालुओं ने किए मूल सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पावन अंशों के दर्शन; श्री श्री अकादमी, चेतला में उमड़े 1,000 भक्त

पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता, लोकप्रिय अभिनेत्री नुसरत जहां, अभिनेता यश दासगुप्ता और रामकृष्ण मठ के वरिष्ठ संन्यासी स्वामी वेदस्वरूपानंद सहित कई गणमान्य हस्तियां विशेष सामूहिक पूजा में हुईं शामिल,

"यह एक भावविभोर कर देने वाला समारोह था। आर्ट ऑफ लिविंग के किसी भी कार्यक्रम से लौटते समय आप पहले से थोड़ा बेहतर महसूस करते हैं," बोले पश्चिम बंगाल के माननीय वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : मूल (मूला) सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अंशों के दुर्लभ और दिव्य दर्शन के लिए शनिवार को कोलकाता के चेतला स्थित श्री श्री अकादमी में लगभग 1,000 श्रद्धालु एकत्रित हुए। मान्यता है कि ये पावन अंश लगभग एक हजार वर्षों तक गुप्त अवस्था में रहे।

प्राचीन वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। यह विशेष सामूहिक पूजा वैश्विक आध्यात्मिक गुरु एवं मानवतावादी नेता गुरुदेव श्री श्री रवि शंकर के मार्गदर्शन में संचालित एक अनूठी आध्यात्मिक पहल का हिस्सा थी। इस पहल के अंतर्गत 15 से 30 नवंबर तक पश्चिम बंगाल के 18 स्थानों पर इन पावन अंशों के दर्शन और सामूहिक पूजा का आयोजन किया जा रहा है।

इस अवसर पर राजनीति, सिनेमा, खेल और आध्यात्मिक जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता; भारतीय फिल्म अभिनेत्री, निर्माता एवं पूर्व सांसद नुसरत जहां; अभिनेता एवं निर्माता यश दासगुप्ता; विधायक श्री शंकर सिकदर; तथा रामकृष्ण मठ के वरिष्ठ संन्यासी एवं वक्ता स्वामी वेदस्वरूपानंद शामिल थे।

समारोह के अपने अनुभव को साझा करते हुए पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री डॉ. स्वपन दासगुप्ता ने कहा, "यह सचमुच भावविभोर कर देने वाला समारोह था। इसका आयोजन अत्यंत गरिमा और श्रद्धा के साथ किया गया। मैं कोलकाता में आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा आयोजित कई कार्यक्रमों में शामिल हुआ हूं। और मैं एक बात कह सकता हूं कि ऐसे किसी भी कार्यक्रम से जब आप लौटते हैं, तो अपने भीतर पहले से थोड़ा बेहतर महसूस करते हैं।"

इस पहल के महत्व पर बात करते हुए अभिनेता यश दासगुप्ता ने कहा, "हमने अलग-अलग ज्योतिर्लिंगों के दर्शन किए हैं, लेकिन इस बार मुझे अपने ही घर में दर्शन करने का अवसर मिला। प्रार्थना करने से मुझे बहुत अच्छा महसूस होता है। जब भी हम प्रार्थना करते हैं, बाबा हमें मन की शांति देते हैं। मुझे लगता है कि गुरुदेव और आर्ट ऑफ लिविंग की यह एक बहुत सुंदर पहल है। अब इतने सारे लोग अपने ही शहर में इन पावन अंशों के दर्शन कर सकते हैं। ऐसा लगता है मानो बाबा स्वयं लोगों के घरों तक दर्शन देने आ रहे हैं। अंततः सब उनकी ही इच्छा है और हम तो केवल उनके निमित्त यह सेवा कर रहे हैं।"

पश्चिम बंगाल में इस पहल को श्रद्धालुओं का उत्साहपूर्ण समर्थन मिल रहा है। अब तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हजारों श्रद्धालु इन पावन ज्योतिर्लिंग अंशों के दर्शन कर चुके हैं। विभिन्न समुदायों और पृष्ठभूमियों के लोग एक साथ आकर भारत की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत के प्रति अपनी श्रद्धा और जुड़ाव व्यक्त कर रहे हैं।

इससे पहले जादवपुर स्थित विवेक नगर देवालय में लगभग 700 श्रद्धालुओं ने इन पावन अंशों के दुर्लभ दर्शन किए, वहीं दक्षिण 24 परगना के डायमंड हार्बर स्थित भारत सेवाश्रम संघ में आयोजित सामूहिक पूजा में 2,000 से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए।

डायमंड हार्बर में आयोजित पूजा का अनुभव प्रतिभागियों के लिए विशेष रूप से भावविभोर कर देने वाला रहा। एक सहभागी के अनुसार, पूजा के दौरान पूरे परिसर में अद्भुत शांति और निस्तब्धता छा गई। बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति के बावजूद पूरा सभागार मंत्रोच्चार में लीन हो गया। इस अवसर पर बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग इंटरनेशनल सेंटर के वैदिक गुरुकुल से विशेष रूप से पश्चिम बंगाल पहुंचे वैदिक पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक संपन्न कराया।

सोमनाथ ज्योतिर्लिंग भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत में विशिष्ट स्थान रखता है। बारह ज्योतिर्लिंगों में प्रथम माने जाने वाले सोमनाथ को दिव्य प्रकाश के उस अनंत स्तंभ का प्रतीक माना जाता है, जो भगवान शिव के निराकार और असीम स्वरूप का बोध कराता है। सोमनाथ सदियों से अटूट आस्था और अदम्य श्रद्धा का प्रतीक रहा है।

इन पावन अंशों के गहन आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए गुरुदेव श्री श्री रविशंकर ने कहा, "शिव के पांच गुण हैं—सृजन करना, पालन करना, रूपांतरण करना, आशीर्वाद देना और स्वयं को अप्रकट रखना। एक हजार वर्षों तक अप्रकट रहने के बाद शिव अब प्रकट हुए हैं। इन पवित्र लिंगों के रूप में उनकी उपस्थिति यह दर्शाती है कि वे अविनाशी हैं। वे शाश्वत हैं।"

सोमनाथ मंदिर ने इतिहास में विनाश और पुनर्निर्माण के अनेक दौर देखे हैं, लेकिन उसकी आध्यात्मिक महत्ता कभी कम नहीं हुई। इन पावन अंशों से जुड़ी परंपरा के अनुसार, मूल सोमनाथ शिवलिंग, जिसे 1025 ईस्वी में महमूद गजनवी के आक्रमण के दौरान खंडित माना जाता है, समय के साथ पूरी तरह विलुप्त नहीं हुआ था। उसके पवित्र शिलाखंडों को पीढ़ियों तक संरक्षकों ने अत्यंत श्रद्धा और निष्ठा से सुरक्षित रखा। इन्हें अलग-अलग क्षेत्रों में ले जाया गया और सदियों तक गोपनीयता के साथ संरक्षित किया गया। पूजनीय संतों और आध्यात्मिक परंपराओं के माध्यम से पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित होते रहे ये पावन अंश भारत के आध्यात्मिक इतिहास के एक अत्यंत महत्वपूर्ण अध्याय से असाधारण जुड़ाव रखते हैं।

पश्चिम बंगाल में यह पहल कोलकाता, हावड़ा, हुगली, उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, पूर्व एवं पश्चिम मेदिनीपुर सहित कई जिलों तक पहुंच रही है। कोलकाता के गरफा, काकुड़गाछी और चेतला से लेकर कोलाघाट, गुराप, कानाकुल, चंदननगर, बागनान, बारासात और इच्छापुर तक विभिन्न स्थानों पर सामूहिक पूजाओं के माध्यम से अधिकाधिक श्रद्धालुओं को इस दुर्लभ आध्यात्मिक अनुभव से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।

यह पहल गुरुदेव की उस दूरदर्शी सोच को प्रतिबिंबित करती है, जिसके तहत भारत की कालजयी आध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाना और प्राचीन परंपराओं को वर्तमान तथा आने वाली पीढ़ियों के जीवन का जीवंत हिस्सा बनाना उनका उद्देश्य है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News