हाई राइज इमारतों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

शेक्सपियर सरणी थाना इलाके की घटना
गिरफ्तार चोर अरशद अली
गिरफ्तार चोर अरशद अली
Published on

कोलकाता : शेक्सपियर सरणी थाना पुलिस ने शहर में चोरी की कई घटनाओं में शामिल एक कुख्यात और आदतन चोर अरशद अली को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बालीगंज, करया, गरियाहाट, तपसिया और शेक्सपियर सरणी सहित कोलकाता के विभिन्न इलाकों में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। जांचकर्ताओं के मुताबिक आरोपी चोरी के इरादे से हाई-राइज बिल्डिंगों, आवासीय परिसरों और हाउसिंग सोसाइटी की बाउंड्री वॉल कूदकर परिसर के भीतर दाखिल होता था।

क्या है मामला

जानकारी के अनुसार गत 11 अगस्त को शेक्सपियर सरणी थाने में एक नामी आवासन से 8 कीमती मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी की फुटेज खंगाली। गुप्त सूचना और जमीनी जांच के आधार पर मामले में अरशद अली और उसके साथी शेख नदीम की संलिप्तता सामने आई। सटीक जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने करया थाना क्षेत्र के पॉम एवेन्यू से अरशद अली को गिरफ्तार कर लिया।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई

कस्टडी में पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के 5 संदिग्ध मोबाइल फोन और 3,500 रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी आसपास के अन्य पुलिस थानों में दर्ज चोरी के मामलों से भी जुड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस टीम मामले से जुड़े दूसरे संदिग्ध शेख नदीम की तलाश और बाकी सामान की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in