

कोलकाता : वेस्ट पोर्ट थाना अंतर्गत बिचाली घाट पर हुगली नदी में डूब रहे छह किशोरों को पुलिस की तत्परता से बचा लिया गया। जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 2:30 बजे छह किशोर बिचाली घाट पर नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान एक किशोर, पानी के तेज बहाव में बह गया। उसे डूबता देख अन्य पांच किशोरों ने उसे बचाने की कोशिश की और बांस के सहारे उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वे सभी खुद भी नदी में फंस गए और संघर्ष करने लगे।
उसी दौरान इलाके में गश्त कर रहे एएसआई मानिक कुमार दे ने मौके पर तुरंत पहुंचकर स्थिति को भांपा और तत्काल रिवर ट्रैफिक पुलिस को सूचना दी। तत्परता दिखाते हुए सभी छह किशोरों को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया गया। बाद में वेस्ट पोर्ट थाना को सूचित किया गया, जिसके अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और किशोरों की स्थिति की जांच की। सभी को सुरक्षित और स्वस्थ पाया गया। इसके बाद सभी को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।