निजी विश्वविद्यालय में छात्र को सिगरेट से दागा, बेल्ट से पीटा

छात्र से 1 लाख की रंगदारी मांगी, इलेक्ट्रॉनिक्स कॉम्प्लेक्स थाने में दर्ज हुई शिकायत
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : सॉल्टलेक स्थित एक प्रतिष्ठित निजी विश्वविद्यालय में रैगिंग और जबरन वसूली का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। झारखंड के बोकारो निवासी एक छात्र ने आरोप लगाया है कि उसके ही सहपाठियों ने उसे बंधक बनाकर पीटा, सिगरेट से जलाया और 1 लाख रुपये न मांग पूरी होने पर जान से मारने की धमकी दी।

इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़ित छात्र साल्ट लेक में अकेले रहकर पढ़ाई करता है। घटना 16 अप्रैल की है, जब वह क्लास अटेंड करने जा रहा था। कैंपस के गेट नंबर 6 के पास बीसीए सेकंड ईयर के दो नामजद छात्रों सहित एक गुट ने उसे रोक लिया।

विधाननगर सिटी पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘छात्र का आरोप है कि आरोपियों ने उसे बेल्ट से बेरहमी से पीटा और उसके दाहिने हाथ (बाईसेप) पर जलती हुई सिगरेट से कई निशान बना दिए।’

वीडियो बनाकर मांगी 1 लाख की फिरौती

पीड़ित का आरोप है कि हमलावर उसे जबरन एक मैदान में ले गए, जहाँ उसे फिर से प्रताड़ित किया गया। आरोपियों ने उसे डरा-धमकाकर एक वीडियो रिकॉर्ड करने पर मजबूर किया, जिसमें उससे यह कहलवाया गया कि वह मांगी गई 1 लाख रुपये की रकम का इंतजाम कर देगा। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसका मोबाइल छीनकर बैंक अकाउंट एक्सेस किया और जबरन 2,430 रुपये ट्रांसफर कर लिए। बाद में 8 से 10 अन्य युवकों ने भी उसके साथ मारपीट की।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित ने कम से कम तीन छात्रों की पहचान की है और उनके नाम शिकायत में दर्ज कराए हैं। पुलिस ने बीसीए द्वितीय वर्ष के तीन छात्रों और अन्य के खिलाफ जबरन वसूली और खतरनाक हथियारों से गंभीर चोट पहुंचाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस की कार्रवाई

रविवार शाम तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई थी। पुलिस अधिकारी का कहना है, ‘चूंकि मामले में शामिल सभी आरोपी छात्र हैं, इसलिए पूछताछ के लिए निर्धारित कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है। जांच जारी है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।’


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in