केन्द्र से अनुमति मिलते ही शनिवार को काठमांडू भेजी जाएगी विशेष टीम

नेपाल में फंसे बंगाल के लोगों की तलाश तेज
सीएम  शुभेंदु अधिकारी
सीएम शुभेंदु अधिकारी
Published on

अब तक 39 में से 2 लोगों से हुआ संपर्क

सीएम ने नेपाल में लापता हुए बंगाल के लोगों के परिजनों से की बातचीत

कोलकाता : नेपाल में जारी संकट के बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के लापता लोगों की तलाश और राहत-बचाव अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को भवानी भवन में आयोजित ऑनलाइन बैठक में बचाव अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि यदि भारत सरकार के विदेश मंत्रालय से अनुमति मिलती है, तो राज्य सरकार शनिवार को एक टीम नेपाल भेजेगी। यह टीम काठमांडू पहुंचकर बचाव और समन्वय कार्य में सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पश्चिम बंगाल से लापता 39 लोगों में से बशीरहाट के पोद्दार परिवार के दो सदस्यों से संपर्क स्थापित हो गया है। दोनों फिलहाल काठमांडू में हैं। मुख्यमंत्री ने बशीरहाट थाने के आईसी को दोनों पर्यटकों को विमान से तत्काल राज्य वापस लाने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। हालांकि, अन्य 37 लोगों के संबंध में अभी तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी है। इनमें तारकेश्वर निवासी स्नेहाशीष दत्ता भी शामिल हैं, जो मानसरोवर यात्रा के दौरान लापता बताए गए हैं।

नेपाल-तिब्बत सीमा पर बचाव अभियान जारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल-तिब्बत सीमा क्षेत्र में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तिब्बती क्षेत्र में फंसे करीब 500 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है। हालांकि, बचाए गए लोगों के नाम और अन्य पहचान संबंधी पूरी जानकारी अभी प्राप्त नहीं हुई है। राज्य सरकार भारतीय दूतावास और केंद्रीय विदेश मंत्रालय के माध्यम से बचाए गए लोगों की विस्तृत सूची हासिल करने की कोशिश कर रही है, ताकि पश्चिम बंगाल से लापता लोगों के बारे में भी स्थिति स्पष्ट हो सके।

परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा

मुख्यमंत्री ने लापता लोगों के परिजनों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार लगातार स्थिति पर नजर रख रही है। उन्होंने कहा कि यह चिंता केवल प्रभावित परिवारों की नहीं, बल्कि पूरे राज्य की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार और बचाव एजेंसियां लगातार केंद्र सरकार तथा नेपाली प्रशासन के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि स्टेट कंट्रोल रूम और संबंधित बचाव एजेंसियां चौबीसों घंटे समन्वय कर रही हैं। लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाकर उन्हें सुरक्षित वापस लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in