रथयात्रा समितियों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी सरकार

रथयात्रा मार्गों तथा प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर 'सेवा शिविर' और 'सहायता केंद्र ' स्थापित करने के निर्देश
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

13 जुलाई को होगा चेक वितरण, मुख्यमंत्री करेंगे वर्चुअल संबोधन

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : राज्य की भाजपा सरकार ने रथयात्रा उत्सव-2026 के आयोजन के लिए राज्यभर की रथयात्रा समितियों को बड़ी वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। राज्य के सूचना एवं सांस्कृतिक मामलों के विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रत्येक चिह्नित रथयात्रा समिति को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि उत्सव का आयोजन बेहतर और व्यवस्थित ढंग से किया जा सके। इसके अलावा राज्य सरकार ने सेवा शिविरों और सहायता केंद्रों के संचालन के लिए प्रत्येक जिले को 1-1 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि भी मंजूर की है। सरकार के निर्देशानुसार, इस सहायता राशि के चेक 13 जुलाई 2026 को संबंधित समितियों के अधिकृत प्रतिनिधियों को सौंपे जाएंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर की रथयात्रा समितियों के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का समय और अन्य तकनीकी जानकारी बाद में साझा की जाएगी। रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों को व्यापक इंतजाम करने के निर्देश भी दिए हैं। रथयात्रा मार्गों और प्रमुख स्थलों पर सेवा शिविर तथा सहायता केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जो उल्टा रथयात्रा तक संचालित रहेंगे।

इन शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल, ओआरएस, प्राथमिक उपचार, आपातकालीन चिकित्सा सुविधा, सूचना एवं मार्गदर्शन सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग श्रद्धालुओं के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था भी की जाएगी। सरकार ने जिला प्रशासन को पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर रथयात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इस पहल का उद्देश्य रथयात्रा समितियों को आर्थिक सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और सुव्यवस्थित धार्मिक आयोजन सुनिश्चित करना है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in